वीजा अवधि बढ़ाने का झांसा देकर विदेशी महिला से किया दुष्कर्म और बनाया वीडियो, दो सिपाहियों पर मामला दर्ज

img

मथुरा।। जब कानून के रक्षक ही कानून के भक्षक बन जाएँ तो इसे आप क्या कहेंगे। बात हो रही है यूपी पुलिस की जिससे खाकी को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है। धर्म नगरी मथुरा में विदेशी मूल की एक महिला से दो सिपाहियों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित महिला के कई दिन भटकने के बाद मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शुक्रवार शाम मथुरा कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। आरोपी सिपाहियों में से एक आगरा फोर्ट जीआरपी जबकि दूसरा अभिसूचना इकाई से संबंधित है।

जानकारी के मुताबिक 4 वर्ष पहले हाथरस के बिसावर में एक युवक से शादी करके भारतीय नागरिकता हासिल कर लेने वाली किर्गिस्तानी मूल की महिला ने राजकीय रेलवे पुलिस, आगरा फोर्ट में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार गिरि पर आरोप लगाया है कि वह उस समय उसकी वीजा की अवधि बढ़वाने के लिए उसे लखनऊ स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ले गया था।

महिला का आरोप है कि सिपाही ने वहां उससे दुष्कर्म करके वीडियो क्लिप बना ली थी। महिला ने आरोप लगाया है कि अब बीती 31 अगस्त को सिपाही उसी वीडियो क्लिप के बल पर उसे ब्लैकमेल करते हुए उसे मथुरा लाया और वहां उसने एक होटल में अपने एक अन्य साथी आकाश पंवार के साथ उससे दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने मामला दर्ज कराने के काफी प्रयास किए, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में शुक्रवार शाम में एसएसपी शलभ माथुर के आदेश पर मथुरा कोतवाली में दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने के लिए मामला दर्ज करके महिला को जांच के लिए जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया।

Related News