प्रदेश प्रभारी ने कहा- कांग्रेस को एकजुट करना हम सभी का दायित्व

img

 कांग्रेस के स्वराज आश्रम में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में शनिवार को कांग्रेस दिग्गजों ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की और कहा कि देश में सुशासन लाने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना होगा। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश हाईकमान के सामने बागी रहे पूर्व दर्जा मंत्री महेश शर्मा, हरेंद्र बोरा, डॉ. भूपाल सिंह भाकुनी व वरुण प्रताप सिंह भाकुनी समेत उनके तमाम समर्थकों को सदस्यता दिलाई गई।

प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने भाजपा सरकार को कोसते हुए कहा कि हम सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। सभी को मिलकर कांग्रेस की मजबूती के लिए आगे आना होगा। प्रदेश सह प्रभारी राजेश धर्माणी ने कहा कि पार्टी में आने-जाने का क्रम रुकना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं के भरोसे को कायम रखेगी। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी का मजबूत आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता के बिना किसी नेता का वजूद नहीं होता है। हम सभी को जमीनी स्तर पर काम करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का ख्याल रखना होगा और हमें विरोधी ताकतों से लड़ना होगा। भाजपा ने राज्य में भय और न भ्रष्टाचार अबकी बार भाजपा सरकार का नारा दिया था, लेकिन सत्ता में काबिज होने के डेढ़ साल बाद भी स्थिति ठीक इसके उलट है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि जिसने पार्टी के लिए खून-पसीना बहाया है। उनका सम्मान किया जाएगा। 

नेता प्रतिपक्ष ने भी भाजपा सरकार के जीरो टॉलरेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक लोकायुक्त का गठन नहीं करना राज्य सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने पार्टी में ज्वाइन करने वाले नेता महेश शर्मा के चुनाव लड़ने से लेकर उस समय की राजनीतिक हालातों को बेबाकी से सामने रखा और कहा, सुबह का भूला अगर शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते हैं। अब सभी लोग कांग्रेस को आगे ले जाने में अपना अहम योगदान देंगे। 

सभा को पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल, स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़, पूर्व सांसद महेंद्र पाल सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य ने भी संबोधित किया। संचालन जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल व महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने किया। इस दौरान खजान पांडे, विजय सारस्वत, संजय किरोला, ब्लाक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, भुवन कापड़ी, पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगडवाल, डॉ. केदार पलड़िया, विजय सिजवाली,जया बिष्ट आदि शामिल रहे।

Related News