लड़की को प्यार में मिला धोखा, तो PM और CM से लगाई गुहार !

img

Agra.  एक युवती को प्यार में धोखा मिला। मुंबई से आए युवक ने उससे दिखावे के लिए शादी रचाई। कुछ समय साथ रहा। फिर छोड़कर चला गया। युवती मुकदमा लिखाने के लिए तीन माह से भटक रही थी। सुनवाई न होने पर उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस को ट्वीट कर इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी। रविवार को युवती की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया।

मामला न्यू आगरा क्षेत्र का है। तीन साल पहले युवती एक शादी में मुंबई गई थी। वहां उसकी मुलाकात बदलापुर (महाराष्ट्र) निवासी रविंद्र निषाद से हुई। युवती के अनुसार रविंद्र ने उससे उसका मोबाइल नंबर लिया और उसे फोन करने लगा। दो साल पहले आगरा आया। उसके परिजनों से मिला। उसका हाथ मांगा। बिरादरी एक थी। घरवाले शादी को तैयार हो गए। रविंद्र उसे तहसील ले गया। वहां पहुंचकर शपथपत्र बनवाया। उसके भी दस्तखत कराए। उसे बताया कि कोर्ट मैरिज हो गई। उसके घर में ही पति बनकर रहने लगा।

आगरा में एक स्कूटर शोरूम में नौकरी कर ली। अचानक एक दिन वह गायब हो गया। पहले लगा कि रविंद्र किसी मुसीबत में होगा। बाद में जानकारी हुई कि वह उसे छोड़कर चला गया। फोन पर संपर्क हुआ तो आरोपी ने कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहता। इसके बाद वह घरवालों के लिए भी बोझ बन गई। इंसाफ के लिए पुलिस अधिकारियों के पास गई। उसके प्रार्थना पत्र पर तीन माह से जांच चल रही है।

प्रेमी के खिलाफ मुकदमा
उसने बताया कि थक हारकर उसे इच्छामृत्यु की अनुमति के लिए ट्वीट करना पड़ा। उसका असर भी हुआ। लखनऊ से पुलिस को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। न्यू आगरा पुलिस ने बताया कि रविंद्र के खिलाफ दुराचार, पोक्सो एक्ट और धोखाधड़ी की धारा के तहत मुकदमा लिखा गया है।

Related News