बच्चों के दांत निकलते समय रखना चाहिए खास ख्याल, नहीं होगी कोई परेशानी

img

डेस्क. बच्चों के दांत निकलने का इंतजार हर अभिभावक बेसब्री से करते हैं। क्योंकि दांत निकलना मतलब अब बच्चा कुछ खा पाएगा। लेकिन दांत जब निकलते हैं तो अपने साथ कई परेशानियां भी लाते हैं। दांत निकालते समय बच्‍चे को दस्‍त या अन्‍य कई छोटी-मोटी परेशानियां होती हैं। ऐसे में उसका पूरा ध्‍यान रखा जाना जरूरी है।

बच्चों के दांत

बच्चों के दांत निकलते वक्त उनको केला, उबला हुआ सेब, संतरे का जूस, दाल, खिचड़ी और सूजी की खीर जैसी चीजें खिलाएं। दांत निकलने के दौरान बच्चे को ऐसी चीजें दे, जिनमें कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन, विटमिन और मिनरल्स पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हों।

बच्चे को मल्टी विटमिन ड्रॉप्स, जैसे- विटमिन डी-3 देना चाहिए। अगर दस माह तक बच्चों के दांत नहीं निकले हैं, तो बच्चों को कैल्शियम सिरप दें। बच्चों को धूप में लिटाना भी फायदेमंद होता है। धूप बच्चों के दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाता है। क्योंकि धूप में प्राकृतिक विटमिन डी होता है।

दांत निकलने के दौरान बच्चा घुटने के बल चलना सीख रहा होता हैं, और जमीन में गिरी चीजों को उठाकर मुंह में डालता हैं। इसलिए घर के फर्श को साफ रखें। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि बच्चा जमीन पर गिरी हुई कोई चीज उठाकर मुंह में ना डाले।इस दौरान बच्चों को चबाने के लिए प्लास्टिक के खिलौने देते हुए, इस बात का ध्यान रखें कि खिलौने गरम पानी से धुले हों ताकि उनमें किसी तरह के कीटाणु न हों।

छह माह से एक वर्ष के भीतर बच्चों के दांत निकलना शुरू हो जाते हैं। अकसर पहले नीचे के दांत और उसके बाद ही ऊपर के दो दांत निकलते हैं। यदि बच्चों के दांत निकलने में निर्धारित समय सीमा से थोड़ी देर हो या अगर ऊपर के दांत पहले आएं तो घबराना नहीं चाहिए।

दांत निकलने वक्त बच्चा दस्त से ज्यादा पीड़ित रहता हैं। कुछ बच्चे पेट दर्द से और कुछ कब्ज से परेशान रहते हैं। दांत निकलते वक्त बच्चों के मसूढ़ों में खुजली, सूजन और दर्द रहता है। गंदी बोतलों से दूध पीने या मिट्टी खाने वाले बच्चे दांत निकलते समय ज्यादा बीमार पड़ते हैं

Related News