पटियाला ।। गुरुग्राम के एक शख्स के खिलाफ अपनी लिव-इन पार्टनर की 16 साल की बेटी से रेप का केस दर्ज किया गया है। पीड़िता फिलहाल नोएडा के वूमन शेल्टर होम में रह रही है।
पुलिस का कहना है कि एक महीना पहले पीड़िता को नोएडा की गलियों में भटकते हुए पाया गया था जिसके बाद उसे पुलिस थाने में ले जाया गया था जहां से पुलिस ने उसे वूमन शेल्टर होम में सौंप दिया था। काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने सारी बातें बताई।
शेल्टर होम की इंचार्ज नैनी सिंह ने बताया कि वह असम की है और 3 साल पहले उसके माता-पिता के निधन के बाद उसके पड़ोस के एक कपल ने उसे गोद ले लिया था और वे उसका पालन-पोषण कर रहे थे। वे वहां से काठमांडू जाकर बस गए लेकिन फिर अब से 2 साल पहले वे गुरुग्राम आकर बस गए। लड़की ने गुरुग्राम में ही अपनी पढ़ाई शुरू कर दी लेकिन इसके बाद कुछ विवाद होने की वजह से कपल एक-दूसरे से अलग हो गए।
इसके बाद वह महिला एक अन्य पुरुष के साथ गुरुग्राम में ही रहने लगी, उसने बताया था कि वह उसका भाई है। पीड़िता भी उन दोनों के साथ ही रहने लगी इस दौरान उस युवक ने कई बार उसके साथ रेप किया। इसके बाद उसने घर से भागने का फैसला कर लिया। वह एक शख्स की सहायता से भाग कर नोएडा आ गई। यहां वह एक परिवार के साथ रहने लगी लेकिन यहां पर भी असुरक्षित महसूस करने पर वह यहां से भाग गई। इसके बाद उसने शेल्टर होम में रहना शुरू कर दिया।
नोएडा से भागने के बाद वह यहां की गलियों में भटकने लगी जिसके बाद कुछ लोगों ने उसे देखा तो पुलिस के हवाले कर दिया। नोएडा सेक्टर 39 पुलिस थाने में गुरुग्राम के उस आरोपी शख्स के खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया गया है।
SHO उदय प्रताप ने कहा कि हमने लड़की का बयान ले लिया है, वह फिलहाल शेल्टर होम में रह रही है। यहां पुलिस अधिकारी उससे फिर से पूछताछ कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा।