नई दिल्ली ।। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने दिल्ली में कहा कि किसी निहत्थे को पीट-पीटकर मार देना और उससे जबर्दस्ती जय श्रीराम का नारा लगवाना केवल हिंदू धर्म ही नहीं बल्कि ईश्वर का भी अपमान है। कर्ण ने यह बात शशि थरूर की नई किताब द हिंदू वे: एन इंट्रोडक्शन टू हिंदुइज्म की लॉन्चिंग के मौके पर कही।
कर्ण ने झारखंड के एक लिंचिंग के मामले का जिक्र किया। इसमें एक मुस्लिम युवक तबरेज अंसारी को खंभे से बांधकर पीटा गया था। युवक पर कथित रूप से पशु चोरी का आरोप लगाया गया और उससे जय श्रीराम के नारे लगाने को भी कहा।
घटना को कई न्यूज चैनलों ने भी दिखाया था। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अंसारी की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई। कर्ण ने कहा कि भगवान श्रीराम तो दयालु थे। क्या आपको लगता है कि एक गरीब लड़के को पीट-पीटकर मारने के दौरान भीड़ उनका (श्रीराम) नाम लेगी? मैंने वह क्लिप देखी। एक हिंदू होने के नाते इससे मैं आहत हुआ।