मुलायम सिंह यादव सपा की मजबूती के लिए खुद करेंगे ये काम, अखिलेश से कहा…

img

उत्तर प्रदेश ।। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 80वां जन्मदिन मनाया गया। उन्होंने सपा के प्रदेश कार्यालय में जन्म दिन का केक काटा। सपा मुख्यालय में उन्होंने कहा, हम चाहते थे कि सपा नौजवान रहे, बूढ़ी न दिखे। हमें खुशी है कि सपा नौजवान पार्टी है, इसका नेतृत्व नौजवान के हाथ में है।

सपा की ओर से मुलायम सिंह का जन्म दिन राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश भर में समारोह पूर्वक मनाया गया। जिलों में विचार गोष्ठियां हुईं और गरीबों में फल व वस्त्र वितरित किए गए। पौधारोपण एवं रक्तदान भी किया गया। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित मुलायम सिंह यादव के आवास पर सवेरे से ही जन्म दिन की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

सबसे पहले अखिलेश यादव ने उन्हें जन्म दिन की बधाई दी। दोपहर में सपा के प्रदेश मुख्यालय पर जन्म दिन का केक काटा गया। इस दौरान मुलायम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां गरीबों किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों को साथ लेकर चलने की है। सपा महिलाओं को विशेष अवसर की पक्षधर है।

पढ़िए- मुलायम के जन्मदिन पर सबसे बड़ी खबर, कार्यक्रम में न पहुंचकर शिवपाल की तैयारियों पर फेरा पानी, मायूस चाचा ने अब लिया ये बड़ा फैसला

महिलाएं साथ रहेंगी तो सरकार भी बनेगी, पार्टी भी मजबूत रहेगी। महिलाओं की जनसंख्या 47 फीसदी है। उन्हें भरोसा दिलाइये कि उनका सम्मान और सुरक्षा सपा में ही है। मुलायम सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कुछ लोग तोड़-फोड़ कर पार्टी को अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें पार्टी को और ज्यादा मजबूत बनाना है। कार्यकर्ता अपने आचरण व्यवहार से किसी को नाराज न करे। गरीबों, पिछड़ों की मदद करे।

महिलाओं को सम्मान दें और उन्हें पार्टी से ज्यादा से ज्यादा जोड़े। कहा, जब हमने पार्टी बनाई थी तो लोगों ने कहा कि मुलायम सिंह एक जिले के नेता हैं लेकिन पार्टी बनाने के चार पांच महीने के भीतर ही बड़ी संख्या में लोग आने लगे। 11 महीने में ही हमने प्रदेश में सरकार बना ली थी।

मुलायम ने कहा, हमारा लक्ष्य दिल्ली पर कब्जा करने का होना चाहिए। दुनिया में सबसे अच्छी विचारधारा समाजवाद की है, जिसमें ऊंच-नीच, मर्द-औरत, काले-गोरे का भेदभाव नहीं है। कहा, नौजवानों का जोश और उत्साह देखकर हमें भरोसा है कि यूपी में तो आपकी सरकार आएगी ही, विचार करो कि दिल्ली की सत्ता पर कैसे कब्जा होगा। ऐसे हालात पैदा कीजिए कि बगैर आपके दिल्ली में कोई सरकार न बन पाए। यूपी बहुत विशाल प्रदेश है। यूपी इकट्ठा होकर समर्थन करता है तभी दिल्ली में सरकार बनती है।

मुलायम ने कहा, हमारे भी कार्यक्रम लगाइये। हम मंडल स्तर पर रैलियां करेंगे। यहां नौजवानों में जितना जोश है, उसी जोश को लेकर आप अपने गांव शहर और बूथों तक जाइए। बड़ों का आदर करिए, विद्वानों का सम्मान करिए, उनके साथ मिल कर रहना है। अगर किसी से असहमत भी हो तो चुप रहिए। नौजवानों की लाल टोपी देखकर कहा कि लाल टोपी समाजवादियों की पहचान है। लाल टोपी लगाकर निकलोगे तो लोग कहेंगे कि यह देखो समाजवादी जा रहा है।

फोटो- फाइल

Related News