जब मैदान पर आया रोहित शर्मा का तूफान, एक पारी में बना डाले 2-2 वर्ल्ड रिकॉर्ड

img

डेस्क। रोहित शर्मा के नाम यूं तो बहुत सारे विश्व रिकॉर्ड हैं, लेकिन एक विश्व रिकॉर्ड ऐसा है जिसे तोड़ना किसी के बल्लेबाज़ के लिए नामुमकिन सा लगता है। ये विश्व रिकॉर्ड रोहित ने चार साल पहले 13 नवंबर 2014 को कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। उस दिन रोहित ने वनडे क्रिकेट में अकेले ही एक ऐसा स्कोर बनाया दिया था, जो कभी एक पूरी टीम का स्कोर हुआ करता था।

रोहित ने बनाए थे 264 रन

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ ईडन गार्डंस के मैदान पर खेले गए उस मैच में 264 रन की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान उन्होंने 173 गेंदों का सामना करते हुए 33 चौके और 9 छक्के जड़ते हुए ये 264 रन बनाए थे। रोहित की इस धमाकेदार पारी की बदौलत ही भारत ने ये मैच 153 रन से जीता था। इस मैच में टीम इंडिया के हिटमैन ने दो-दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। पहला ये कि ये किस भी बल्लेबाज़ द्वारा वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा निजी स्कोर था। दूसरे इस दोहरे शतक के साथ ही रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए थे। हालांकि अब रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में तीन-तीन दोहरे शतक हैं। खास बात ये है कि रोहित के ये दोनों विश्व रिकॉर्ड आज भी कायम हैं।

रोहित के अलावा दुनिया में कोई नहीं कर सका है ऐसा

रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में तीन-तीन दोहरे शतक जड़ चुके हैं, लेकिन उनके अलावा दुनिया का कोई भी बल्लेबाज़ तीन तो छोड़ दीजिए दो दोहरे शतक भी नहीं जड़ सके है। रोहित ने अपना पहला दोहरा शतक 2 नवंबर 2013 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरू में जड़ा था। इस पारी में रोहित ने 209 रन बनाए थे। दूसरा दोहरा शतक उन्होंने 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के ठोका था। इस मैच में हिटमैन ने 264 रन की पारी खेली थी। तीसरा दोहरा शतक भी रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल 2017 में बनाया था। मोहाली में खेले गए इस मैच में उन्होंने नाबाग 208 रन की पारी खेली थी। तीसरे दोहरे शतक में एक खास बात थी और वो ये थी कि रोहित इस बार नाबाद रहे थे।

टी-20 में रोहित के नाम है ये विश्व रिकॉर्ड

रोहित शर्मा के नाम वनडे में तो विश्व रिकॉर्ड हैं ही इसके साथ-ही साथ इस खिलाड़ी ने टी-20 में भी अपना जलवा कायम किया हुआ है। रोहित शर्मा के नाम टी-20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा चार शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड है। रोहित के अलावा इस फॉर्मेट में कोई भी बल्लेबाज़ चार शतक नहीं लगा सका है। रोहित ने ये कीर्तिमान हाल ही में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ खत्म हुई टी-20 सीरीज़ में बनाया था। इससे पहले रोहित और न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ कॉलिन मुनरो दोनों ने टी-20 क्रिकेट में संयुक्त रुप से तीन-तीन शतक जड़े थे, लेकिन लखनऊ में रोहित ने सेंचुरी लगाकर मुनरो को पीछे छोड़ते हुए ये विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

Related News