नौकरी के नाम पर लड़कियों से करवाते थे देह व्यापार, 28 बच्चियां कराई गईं मुक्त

img

New Delhi. दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम के न्याय खंड 2 की सृजन विहार सोसायटी के दो फ्लैट से पुलिस ने 28 लड़कियों को बरामद किया है। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर इन लड़कियों को नेपाल, असम और सिलीगुड़ी से लाया गया था।

देह व्यापार

पुलिस को आशंका है कि इन लड़कियों को नौकरी के बहाने मानव तस्करी कर एनसीआर में लाया गया था। इसके बाद इन्हें फ्लैटों में बंधक बनाकर रखा जा रहा था। पिछले एक माह से इन लड़कियों को इन फ्लैटों में बंधक बनाकर रखा गया था। आरोप है कि इन लड़कियों को यहां से जबरन देह व्यापार के लिए भेजा जाता था।

इंदिरापुरम पुलिस ने इस मामले में 5 आदमियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस की कई टीमें पांचों संदिग्धों और फ्लैट से बरामद लड़कियों से अलग-अलग पूछताछ करने में जुटी हैं। पुलिस के मुताबिक एक माह पूर्व इन लड़कियों को लाया गया था। हर रात यहां से लड़कियों को देह व्यापार के लिए भेजा जाता था।

दो लड़कियों की हिम्मत से खुला पूरा रैकेट

पुलिस के अनुसार यहां से दो लड़कियां किसी तरह भाग निकली थीं। दोनों ने भागकर दिल्ली के गीता कॉलोनी में रहने वाले एक दंपत्ति से बंधक बनाए जाने की शिकायत की। दंपत्ति ने गीता कॉलोनी थाने में मामले की सूचना दी।

दिल्ली पुलिस ने इस सूचना को इंदिरापुरम पुलिस को दी। सोमवार शाम इंदिरापुरम पुलिस न्याय खंड 2 स्थित सृजन विहार सोसायटी पहुंची। पुलिस ने यहां के दो फ्लैटों में छापेमारी कर 28 लड़कियों को बरामद कर लिया है।

कमरों में ठूंस-ठूंस कर रखा गया था

पुलिस सभी लड़कियों को इंदिरापुरम थाने लेकर पहुंची है। एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मामले में लड़कियों व मौके से पकड़े गए 5 आदमियों से पूछताछ करने में जुटे हैं।

पुलिस के अनुसार लड़कियों को दोनों फ्लैटों में ठूंस-ठूंस कर रखा गया था। लड़कियों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। पूछताछ कर पुलिस पूरे रैकेट का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार इस रैकेट में अभी कई बड़े खुलासे होने बाकी है।

Related News