2019 का शिवपाल यादव ने कन्नौज से किया आगाज, 5 नए मीडिया पैनलिस्ट भी घोषित

img

लखनऊ. समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद शिवपाल सिंह यादव अब हर जिले में जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं। मोर्चा प्रदेश में किसी से गठबंधन नहीं करेगा। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की हर सीट पर अपना प्रत्याशी उतरने की तैयारी शुरू है। आज अखिलेश यादव और डिम्पल यादव के संसदीय क्षेत्र रह चुके कन्नौज में उन्होंने लोकसभा प्रभारी घोषित कर चुनावी तैयारी की कमान सौंपी।

इसी बीच मोर्चा ने पांच और नए प्रवक्ताओं को मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत किया है। शिवपाल यादव के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में मो. शाहिद, अरविंद विद्रोही, देवेंद्र सिंह इरफान मलिक और राजेश यादव के नाम हैं। इससे पहले मोर्चा नौ प्रवक्ताओं को अधिकृत कर चुका है।

लोकसभा क्षेत्र प्रभारी घोषित करने पर मंथन

समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कई स्थानों पर सेक्युलर मोर्चा कार्यकर्ताओं से मिले। कन्नौज में राजेश यादव और राजेंद्र सिंह से अनौपचारिक मुलाकात की और उन्हें पार्टी का झंडा थमाया।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में किसी से भी गठबंधन नहीं करेगी। सूत्रों के मुताबिक आज मोर्चा ने विभिन्न क्षेत्रों के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी घोषित करने पर मंथन शुरू कर दिया है। शीघ्र ही उनके नाम सामने होंगे।

राजेश कन्नौज के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी घोषित

शिवपाल ने राजेश को मोर्चा का लोकसभा प्रभारी घोषित किया और उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की जिम्मदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि कन्नौज लोकसभा सीट से मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट देने के लिए आवेदन मांगे और उनकी सूची बनाकर उपलब्ध कराएं। साथ ही कन्नौज में जिला अध्यक्ष पद के लिए भी चर्चा की।

शिवपाल सिंह ने बताया कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का झंडा तैयार हो चुका है। जल्द ही पूरे उत्तर प्रदेश की सीटों पर लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए प्रत्याशी मैदान में होंगे। पार्टी किसी के साथ गठबंधन से चुनाव नहीं लड़ेगी।

Related News