शिवपाल यादव के कार्यक्रम के पहले पार्टी नेताओं ने फूँक दिया पुतला, लगाये ये गंभीर आरोप

img

लखनऊ।। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और मायावती का बहुप्रतीक्षित गठबंधन अब अस्तित्व में आ चुका है। उधर समाजवादी पार्टी से अलग होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन करने वाले वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवपाल यादव ने भी 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। 15 जनवरी को मऊ जनपद में शिवपाल यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है लेकिन कार्यक्रम से पहले ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया में सब-कुछ ठीक नहीं चल रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये मंडल प्रभारी रामदर्शन यादव ने एक बैठक बुलायी लेकिन बैठक के बीच में ही हंगामा खड़ा हो गया। बैठक का बहिष्कार करते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने आज़मगढ़ के सठियांव चौराहे पर रामदर्शन यादव का पुतला जलाया। नितीश राय जिलाध्यक्ष छात्रसभा, बृजेश यादव प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग आदि ने आरोप लगाया कि रामदर्शन यादव अपने कुछ खास चहेतों को ही पार्टी में ख़ास बना रहे हैं| उन्होंने आरोप लगाया कि बाकी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपमानित किया जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो शिवपाल सिंह यादव को एक बार फिर अपनों से ही झटका लगना तय माना जा रहा है।

Related News