पैदा होने से पहले बच्चों को हमेशा के लिए लाचार बना सकता है ये वायरस, रहें सावधान

img

राजस्थान ।। जयपुर में जीका वायरस संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक मरीजों की संख्या 80 तक पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इसपर मंगलवार को दिल्ली में समीक्षा बैठक भी की। वहीं राजस्थान सरकार भी निगरानी और सभी प्रकार के निवारक उपाय कर रही है। यह बीमारी गर्भवती महिलाओं को भी हुई है। चलिए आपको बताते हैं कि ये बीमारी किस तरह से फैलती है और पैदा होने वाले बच्चों को कैसे प्रभावित कर सकती है-

जीका मच्छरों द्वारा फैलने वाला एक वायरल इन्फेक्शन है। इसका वायरस एडीज मच्छर से फैलता है। जो डेंगू और चिकनगुनिया भी फैलाता है। यह सेक्सुअली भी ट्रांसमिट हो सकता है। जीका का पहला मामला साल 1947 में युगांडा से सामने आया था। वहां एक बंदर को ये बीमारी हुई थी।

पढ़िए- महिलाओं में तेजी से फैल रही ये गंभीर बीमारी, कहीं आप भी तो नहीं इसके शिकार

इसके पांच साल बाद मनुष्यों में भी जीका के मामले सामने आए। इसके बाद साल 1960 तक दुनियाभर से इसके मामले सामने आने लगे। इसका सबसे अधिक प्रकोप साल 2007 में प्रशांत के याप महाद्वीप में देखा गया। इसके बाद 2017 में ब्राजील में भी देखा गया। इसे माइक्रोसेफली से जोड़ा गया। जिसमें बच्चे छोटे और अविकसित दिमाग के साथ पैदा होते हैं।

माना जाता है कि जीका में माइक्रोसेफली भी शामिल होता है। अगर जीका वायरस गर्भवती महिलाओं को हो जाए तो पैदा होने वाले बच्चे के लिए यह काफी घातक हो सकता है। माइक्रोसेफली जो जीका वायरस के साथ जुड़ी होता है, एक ऐसी स्थिति होती है जिसमें पैदा होने वाले बच्चे का सिर सामान्य से आकार में अलग होता है और दिमाग भी अविकसित और छोटा होता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक जिन देशों में जीका का संक्रमण फैला है वहां की कई रिपोर्ट में भी ये बात सामने आई है कि इससे गुलियन बेरी सिंड्रोंम बढ़ता है। यह एक तरह का न्यूरोलॉजिकल डिसॉर्डर है, जिससे लकुवा हो सकता है और अगर अधिक घातक हो जाए तो मौत भी हो सकती है।

इसलिए यह बीमारी जितनी घातक गर्भवती महिलाओं के लिए है, उतनी ही घातक अन्य लोगों के लिए भी है। साल 2017 में ब्राजील में जीका के मामलों पर शोध अध्ययन किया गया। इस अध्ययन पर अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ का कहना है कि इसके संक्रमण से मृत्यु दर 8.3 फीसदी रही थी।

इसके लक्षण फ्लू की तरह होते हैं। यानी बुखार, शरीर और सिर में दर्द। डब्लूएचओ का कहना है कि इन लक्षणों का इलाज दर्द और बुखान की दवाओं, आराम और अधिक पानी से हो सकता है। अगर लक्षण और भी घातक हों तो लोग चिकित्सकीय सलाह ले सकते हैं।

इसके और भी कई लक्षण हैं, जैसे रैशेज हो जाना जैसे डेंगू के कारण होते हैं। वहीं कुछ लोगों को कंजाक्तिविटिस की शिकायत भी होती है। कंजाक्तिविटिस में आंखों में सूजन या आंखों की बाहरी झिल्ली और आंतरिक पलक में संक्रमण फैल जाता है। इसके लक्षण पता चलने में 13 से 14 दिन लग जाते हैं।

फोटो- फाइल

Related News