यूपी PF स्कैम: EOW की पूछताछ में पूर्व सचिव पीके गुप्ता के बेटे ने किए कई चौंकाने वाले खुलासे

img

लखनऊ. बिजलीकर्मियों की भविष्य निधि घोटाले की अहम कड़ी EOW के हाथ लग गई है। EOW ने जब तत्कालीन सचिव पीके गुप्ता के बेटे अभिनव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कई अहम खुलासे हुए। DHFL में किए गए निवेश में उसकी भूमिका अहम थी।

जानकारी के मुताबिक, निवेश कराने में शामिल जिन ब्रोकर फर्मों के पते फर्जी निकले हैं, उनमें अभिनव की अहम भूमिका थी। सूत्रों का कहना है कि अभिनव ने पूछताछ में उन फर्मों से जुड़े कई राज भी उगले हैं, जिनकी सिलसिलेवार पड़ताल कराई जा रही है। पुलिस का दबाव बढ़ने पर अभिनव ने EOW के अधिकारियों से संपर्क किया था।

14 ब्रोकर फर्मों के जरिये DHFL में भविष्य निधि की रकम निवेश किए जाने की बात सामने आई थी। EOW उन सभी फर्मों के बारे में छानबीन कर रही है और बैंकों की भी मदद ली जा रही है। धांधली में शामिल नौ ब्रोकर फर्मों के पते अब तक फर्जी निकल चुके हैं। ब्रोकर फर्मों से अभिनव का सीधा संपर्क सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि मोटा कमीशन तय कर ब्रोकर फर्में अभिनव के जरिये ही पावर कारपोरेशन के तत्कालीन सचिव ट्रस्ट पीके गुप्ता व अन्य अधिकारियों तक पहुंची थीं।

आपको बता दें, पीके गुप्ता से अभिनव के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिए थे। नोएडा में रियल एस्टेट का कारोबार करने वाला अभिनव पिता पीके गुप्ता के पकड़े जाने के बाद EOW के सामने नहीं आया था। EOW के अधिकारियों का इससे उसकी भूमिका पर संदेह गहरा गया था और उसकी तलाश शुरू की गई थी। EOW उससे पूछताछ कर रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद जल्द उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

Related News