img

लखनऊ ।। लालू ने अपना उत्तर प्रदेश एजेंडा सपा के थिंक टैंक को बता दिया है। राजद का दावा है कि छठे-सातवें चरण में लालू की बड़ी भूमिका होगी। छठे चरण में चार मार्च एवं आखिरी चरण (सातवें) में आठ मार्च को मतदान होना है। दोनों चरणों में चुनाव वाले क्षेत्रों की सीमा बिहार से सटी है।

पूर्वाचल के इलाके में सपा-कांग्रेस गठबंधन को सबसे ज्यादा परेशानी मायावती की सोशल इंजीनियरिंग के रूप में दिख रही है। बसपा ने अफजल अंसारी एवं मुख्तार अंसारी को टिकट देकर पूर्वाचल के कई जिलों में अल्पसंख्यक समुदाय का समर्थन पक्का करने की कोशिश की है। अंसारी बंधुओं के कौमी एकता दल के बसपा में विलय के बाद से बसपा की बढ़ती ताकत को रोकने में लालू सपा के लिए सबसे बड़ा अस्त्र साबित हो सकते हैं।

उत्तर प्रदेश राजद अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश में राजद प्रमुख लालू प्रसाद भी पांचवें चरण से सक्रिय हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस संबंध में उनकी बात हो चुकी है। कार्यक्रम बनाया जा रहा है।

प्रथम चरण के चुनाव में लालू ने बुलंदशहर में सपा के पक्ष में दो जनसभाएं की हैं। सिकंदराबाद सीट से लालू की पुत्री रागिनी यादव के पति राहुल यादव सपा के टिकट पर प्रत्याशी हैं। आगे के कार्यक्रमों के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लालू की बात हुई है।

--Advertisement--