Up Kiran, Digital Desk: बांग्लादेश में पिछले एक साल में हिंदुओं के खिलाफ व्यापक हिंसा हुई है। कई हिंदू अपनी जान गवां चुके हैं। अब फरवरी में बांग्लादेश में आम चुनाव होने वाले हैं, जिस पर पूरी दुनिया की निगाहें हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी को चुनाव में भाग लेने से रोक दिया गया है और खुद हसीना भी भारत में हैं। ऐसे में उनकी सीट से इस बार एक हिंदू उम्मीदवार चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
बांग्लादेश जातीय हिंदू महाजोत की केंद्रीय समिति के जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट गोबिंदा चंद्र प्रमाणिक ने आगामी आम चुनाव में गोपालगंज-3 (कोटालीपारा-तुंगीपारा) सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इसी सीट से शेख हसीना भी चुनाव में हिस्सा लिया करती थीं।
हिंदू महाजोत की जिला शाखा के अध्यक्ष बिजन रॉय ने बताया कि गोबिंदा ने बुधवार को शाम करीब 4:30 बजे गोपालगंज जिला रिटर्निंग ऑफिसर के ऑफिस से अपना नामांकन फॉर्म प्राप्त किया। बिजन ने 'द डेली स्टार' को बताया, "एडवोकेट गोबिंदा चंद्र प्रमाणिक गोपालगंज-3 सीट से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रीय चुनाव में भाग लेंगे। वह 28 दिसंबर को अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे।"
क्या बदलाव करना चाहते हैं, खुद बताया
गोबिंदा ने आगे कहा, "मैं खुद को एक तटस्थ व्यक्ति मानता हूं। मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है, और न ही मैंने कभी पार्टी राजनीति में हिस्सा लिया है। राजनीतिक दलों द्वारा चुने गए सांसद अक्सर पार्टी अनुशासन के कारण आम लोगों की समस्याओं को नहीं उठा पाते हैं। मैं इस कमी को दूर करना चाहता हूं और जनता की आवाज बनना चाहता हूं।"
साजिश: हसीना के छात्र संगठन ने भारत को चेतावनी दी
अब तक, इस सीट के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने वालों में बीएनपी के उम्मीदवार एसएम जिलानी, नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के आरिफुल दरिया, जमात-ए-इस्लामी के एमएम रेजाउल करीम, गण अधिकार परिषद के अबुल बशर, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के मारूफ शेख, नेशनल पीपल्स पार्टी के शेख सलाउद्दीन, खिलाफत मजलिस के ओली अहमद और स्वतंत्र उम्मीदवार मोहम्मद हबीबुर रहमान और मोहम्मद अनवर हुसैन शामिल हैं।




