13वीं शताब्दी की पुरातत्व कला, आस्था के केंद्र महाकाली मंदिर का होगा जीर्णोद्धार

img

सिवनी। जिले में पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित ग्राम आष्टा के महाकाली मंदिर का जीर्णोद्धार एवं परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। पुरातत्व विभाग के जबलपुर जोन को इस कार्य को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा दिए गए हैं। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष सिवनी आलोक दुबे ने शुक्रवार शाम को दी है।

seoni mahakali mandir

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ग्राम आष्टा के अनेक ग्रामवासी उनसे भेंट करने आए थे। उन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार सहित अनेक समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए बताया कि यह मंदिर ना सिर्फ आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, बल्कि 13वीं शताब्दी की पुरातत्व कला का भी अद्भुत नमूना है जो लोगों के लिए रमणीय एवं दर्शनीय स्थल है। यहां स्थित दो तालाब भी लोगों को आकर्षित करते हैं ।

ग्रामवासियों ने बताया कि इन परिस्थितियों के बावजूद पुरातत्व विभाग द्वारा समुचित रखरखाव के अभाव एवं स्थानीय प्रशासन की उपेक्षा के चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महाकाली के इस प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर में वर्ष में पडने वाले दोनों नवरात्र पर्व भारी उत्साह के साथ मनाए जाते हैं एवं इस अवसर पर यहां मेले का भी आयोजन होता है तथा हजारों की संख्या में लोग मां के दरबार में दर्शन हेतु आते हैं। यहां पर बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने वाहनों को भी पूजा करने हेतु लातें हैं। ऐसे में परिसर में स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिए जाने से वाहनों को खड़ा करने में भारी दिक्कत होती है।

ग्रामीणों की मांग पर भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे द्वारा उनके समक्ष ही केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल को दूरभाष के माध्यम से इस मामले से अवगत कराया गया। पटेल ने कहा कि वे आष्टा के मंदिर से भलीभांति परिचित हैं एवं वहां जाने का सौभाग्य प्राप्त कर चुके हैं। इस क्षेत्र को सर्वसुविधायुक्त बनाने हेतु तत्काल कदम उठाऊंगा। पटेल द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष संपूर्ण जानकारी फोटोग्राफ मंगवा कर जबलपुर जोन के अधिकारियों को इस पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा इसके साथ ही जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा कर मामले से अवगत कराया गया जिला प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया कि परिसर क्षेत्र से अतिक्रमण को हटाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे द्वारा इस संपूर्ण मामले पर कार्यवाही करने हेतु प्रहलाद पटेल का आभार व्यक्त किया गया है एवं इस अवसर पर उपस्थित सभी ग्रामीण जनों द्वारा भी केंद्रीय पर्यटन मंत्री पहलाद पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे का आभार व्यक्त किया गया।

Related News