
नई दिल्ली: रविवार सुबह तक, 15-18 आयु वर्ग के 3.5 लाख से अधिक लाभार्थियों ने COVID-19 वैक्सीन प्राप्त करने के लिए CoWIN पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है। CoWin डैशबोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 15-18 आयु वर्ग के 3,57,984 लाभार्थियों ने सुबह 9:30 बजे तक पोर्टल पर पंजीकरण कराया था।
आपको बता दें कि COVID-19 के खिलाफ 15-18 साल के बच्चों के टीकाकरण के लिए पंजीकरण 1 जनवरी से शुरू हुआ। गौरतलब है कि CoWIN भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वामित्व और संचालित COVID-19 टीकाकरण पंजीकरण के लिए एक भारत सरकार का वेब पोर्टल है।
वहीँ इसके अलावा, पोर्टल के आंकड़ों से पता चला है कि अब तक 92,18,61,878 पंजीकरण किए जा चुके हैं, जिनमें 18-44 आयु वर्ग के 57,37,14,969 और 45 वर्ष से अधिक आयु के लिए 34,77,88,925 शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के अनुरूप देश सोमवार से 15-18 साल के बच्चों के लिए COVID-19 टीकाकरण अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है.