यहां जमीन विवाद को लेकर हुई गोली बारी, BJP नेता समेत 4 हिरासत में

img

शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को भाजपा नेता व फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष मोहन अग्रवाल और कपड़ा व्यापारी गौरव गुप्ता के बीच भूमि पर कब्जा करने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद फायरिंग भी की गयी। फायरिंग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस नें चार लोगों को हिरासत में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।

दरअसल शहर कोतवाली क्षेत्र के बागकूंचा निवासी गौरव गुप्ता पुत्र वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने मोहल्ला मजीद स्ट्रीट में 3400 डिसमिल भूमि अरुण प्रकाश अग्रवाल से गौरव व उसके साथी अभिषेक रस्तोगी व पंकज रस्तोगी के साथ मिलकर 14 मई 2018 को खरीदी थी। उसके पास में ही भाजपा नेता मोहन अग्रवाल नें 18500 डिसमिल भूमि खरीदी।

गौरव का आरोप है कि वह अपनी भूमि के साथ ही उसकी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं और उसमें बीते 3 अक्टूबर को तोड़फोड़ भी की। उसके ताले भी तोड़ दिये। शनिवार को भी उसमें तोड़फोड़ की। मना किया तो गाली-गलौज कर लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है।

भाजपा नेता मोहन अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने 18500 डिसमिल भूमि नोयडा निवासी श्रीप्रकाश अग्रवाल आदि से खरीदी थी। गौरव ने भूमि जिस अरुण प्रकाश से खरीदी थी उनके नाम भूमि नहीं है।

मोहन ने बताया कि उन्होंने जब भूमि खरीदी तो 1 करोड़ 36 लाख रूपये के स्टाम्प डियूटी लगी थी। शनिवार को गौरव गुप्ता तकरीबन 3 दर्जन दबंग किस्म के लोगों को लेकर आये और उन्होंने भूमि पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसके साथ आये लोगों के पास तमंचे भी थे। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। उनके द्वारा कोई फायरिंग नहीं की।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर आ गया। पुलिस ने मोहन अग्रवाल की राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही मोहन अग्रवाल और गौरव गुप्ता सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

Related News