_1939278456.png)
Up Kiran, Digital Desk: मई का महीना देश के कई हिस्सों के लिए राहत भरा रहा। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक, मई में हुई बेमौसम बारिश ने लोगों को गर्मी की तपिश से बचाए रखा। लेकिन अब जून आ चुका है, और साथ में लौटी है चिलचिलाती धूप और असहनीय गर्मी।
राजधानी दिल्ली में पारा 45 डिग्री के पार, लू का कहर जारी
राजधानी दिल्ली में सोमवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने दिनभर लोगों को बेहाल कर दिया। आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने के कारण एनसीआर के लोग भी गर्मी से त्रस्त दिखे। आज भी दिल्ली में भीषण गर्मी की उम्मीद है, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून तक राजधानी में लू चलने की संभावना है। हालांकि, 13 जून से बारिश की उम्मीद है, जो कुछ राहत दे सकती है।
उत्तर प्रदेश में लौटेगी बारिश, कुछ जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट'
उत्तर प्रदेश में भी लोग इन दिनों गर्मी से बेहाल हैं। आज प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि, मौसम विभाग ने ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अच्छी खबर ये है कि कल से यूपी में बारिश लौटने की संभावना है। 12 जून को उत्तर प्रदेश के 60 फीसदी जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार-झारखंड में बदलेगा मौसम, मानसून की दस्तक जल्द
बिहार में आज लोगों को गर्मी से कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, आज देर रात से राज्य में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कल से मानसून के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार में 15 जून तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद जताई है। आज देर रात तक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश हो सकती है।
--Advertisement--