img

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला ब्राह्मण समुदाय के विरुद्ध उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक हंगामा मचा दिया है। चाणक्य सेना ने अनुराग के विरुद्ध गुस्सा जाहिर करते हुए उनके चेहरे पर कालिख पोतने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस शिकायत और ब्राह्मण संगठनों की नाराजगी के बाद अब अनुराग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग तेज हो रही है।

क्या है विवाद का कारण

विवाद की शुरुआत तब हुई, जब अनुराग कश्यप ने अपनी आगामी फिल्म ‘फुले’ के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। यह फिल्म सामाजिक सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद ब्राह्मण समुदाय के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि इसमें ब्राह्मणों को गलत और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ने कथित तौर पर एक पोस्ट में ब्राह्मण समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उनकी इस टिप्पणी को समुदाय की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना गया। बस यहीं से मामला तूल पकड़ गया, और सोशल मीडिया पर अनुराग के विरुद्ध आलोचनाओं का सैलाब आ गया।

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि अनुराग कश्यप को लगता है कि वे कुछ भी बोल सकते हैं। ब्राह्मण समुदाय का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।