crime news: ओडिशा के ढेंकनाल जिले में अंधविश्वास के चलते एक चौंकाने वाली घटना घटी है। यहां एक युवक ने धनुष से तीर चलाकर अपनी 70 वर्षीय चाची की हत्या कर दी। युवक को संदेह था कि उसकी चाची जादू-टोना करती है। इस बीच, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।
खबर के मुताबिक, ये दिल दहलाने वाली घटना ढेंकनाल जिले के पिथलधुआ गांव में घटी। दामोदर पूर्ति को संदेह था कि उसकी 70 वर्षीय चाची सुनहु सिंकु जादू-टोना करती है। इससे क्रोधित होकर दामोदर अपनी मौसी के घर गया और उन पर धनुष से बाण चला दिया। यह तीर बुढ़िया की छाती में जा लगा। घर पर मौजूद सुनहु के पति और बेटे ने उसे बचाने की कोशिश की। मगर वे सफल नहीं हुए. इस बीच, आरोपी दामोदर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।
हत्या की सूचना मिलने पर कामाख्यानगर एसडीपीओ ज्ञानरंजन मिश्रा और कंकड़ह थाने के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दामोदर को अरेस्ट कर लिया। हत्या में प्रयुक्त धनुष और तीर भी जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मृतक महिला और आरोपी के बीच पहले कोई विवाद नहीं था। मृतक के बेटे ने बताया कि दामोदर को मेरी माँ पर जादू-टोना करने का संदेह हुआ। दामोदर को लगा कि जादू-टोने के कारण उसकी तबीयत खराब हो रही है। उसने अंधविश्वास के चलते यह कृत्य किया। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है।