img

Bhakra canal accident: हरियाणा के फतेहाबाद में बीती देर रात्रि कोहरे के चलते बड़ा हादसा हो गया। यहां एक क्रूजर वाहन भाखड़ा नहर में गिर गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है। 11 लोग लापता हैं, जिसके कारण उनकी तलाश की जा रही है और पुलिस व कई अन्य विभागों की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, ये हादसा सरदारेवाला गांव के पास हुआ। यहां एक परिवार कार से शादी में आ रहा था। देर रात वह अपनी कार से जलालाबाद से महमदा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच जब उनकी कार सरदारेवाला गांव के पास भाखड़ा नहर पर पहुंची तो घने कोहरे के कारण चालक सड़क नहीं देख सका और लोगों से भरी कार भाखड़ा नहर में जा गिरी।

एक व्यक्ति जिसका नाम छिंदा सिंह बताया जा रहा है। वाहन के गिरने के बाद वो बाहर आया और चिल्लाने लगा। इससे आसपास के लोग एकत्र हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया और इस दौरान एक वाहन में सवार 10 वर्षीय बच्चे को भाखड़ा नहर से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के लिए भेज दिया गया। उसका नाम अरमान सिंह बताया जा रहा है और वह पंजाब के रूंडा का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में गांव महमड़ा निवासी बलबीर सिंह (55) की मौत हो गई। फिलहाल प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए तलाश अभियान आज शनिवार को फिर से शुरू हो गया है। इन 12 लापता लोगों में 3 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं।