img

Jharkhand News: अफसरों ने बताया कि झारखंड पुलिस ने रांची में भाजयुमो की रैली के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ कथित झड़प में शामिल होने के इल्जाम में 51 पहचाने गए व्यक्तियों सहित 12,051 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिन प्रदर्शनकारियों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें भाजपा के झारखंड यूनिट के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा जैसे कुछ प्रमुख भाजपा नेता भी शामिल हैं ।

एफआईआर के बारे में जानकारी देते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने कहा, "मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर शनिवार को रांची के लालपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।" एसएसपी चंदन ने आगे कहा कि इन लोगों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने कहा, "51 पहचाने गए लोगों समेत 12,000 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।"

पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन

बता दें कि शुक्रवार को रैली के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों और पुलिस थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध रैली के दौरान, पुलिस और भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, जब उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार द्वारा किए गए "अन्याय" और "चुनावी वादों को पूरा करने में विफलता" के खिलाफ रांची में बैरिकेड्स तोड़ दिए।
 

--Advertisement--