फिल्म और वेब सीरीज इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।
'फैमिली मैन सीजन 3' में अपने दमदार अभिनय से सुर्खियों में आए एक्टर रोहित बासफोर का निधन हो गया है।
27 अप्रैल रविवार को असम के गरभंगा झरने के पास रोहित का शव मिला, जिससे पूरे परिवार और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
मूल रूप से असम के रहने वाले रोहित बासफोर हाल ही में मुंबई से अपने होमटाउन लौटे थे।
रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे वे अपने 9 दोस्तों के साथ गरभंगा जंगल में पिकनिक के लिए निकले थे।
परिवार को उन्होंने इस प्लान की जानकारी दी थी।
लेकिन कुछ घंटों बाद उनका फोन बंद हो गया, और जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
शाम को रोहित के एक दोस्त ने फोन कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है।
उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने बढ़ाया शकगुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमॉर्टम में रोहित के सिर, चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गईं।
ये चोटें सिर्फ झरने में गिरने से नहीं लग सकती थीं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
शुरू में पुलिस ने इसे दुर्घटना माना था, लेकिन अब गहन जांच शुरू हो गई है।
परिवार का आरोप: यह हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या है
रोहित के परिवार ने साफ तौर पर दावा किया है कि यह हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या है।
हाल ही में रोहित का कुछ लोगों से पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था।
जिन पर शक जताया गया है, उनके नाम हैं:
रंजीत बासफोर
अशोक बासफोर
धरम बासफोर
परिवार ने जिम मालिक अमरदीप पर भी संदेह जताया है, जिसने रोहित को इस आउटिंग के लिए बुलाया था।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से ये सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस कर रही है मामले की जांच पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
परिजनों का कहना है कि रोहित को पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी।
स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) ने रोहित का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
रोहित बासफोर: एक चमकता सितारा, जो समय से पहले बुझ गया
रोहित बासफोर ने अपने करियर में छोटे-छोटे लेकिन प्रभावशाली किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता था।
'फैमिली मैन 3' में उनकी शानदार परफॉर्मेंस ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी।
उनका इस तरह अचानक और रहस्यमयी तरीके से दुनिया छोड़ जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक गहरा आघात है।




