Up kiran,Digital Desk : सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला गीत ‘घर कब आओगे’ रिलीज हो चुका है। यह गाना 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के आइकॉनिक गीत ‘संदेसे आते हैं’ से प्रेरित है, जिसे उसी भावनात्मक धुन पर नए बोल और नए अंदाज में पेश किया गया है।
इस गाने को सोनू निगम, अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा ने मिलकर गाया है, जो इसे और भी खास बनाता है।
BSF जवानों के बीच मनाया गया गाने का जश्न
‘बॉर्डर 2’ की टीम हाल ही में बीएसएफ जवानों के बीच पहुंची, जहां इस गीत को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया गया। सामने आए वीडियो में फिल्म के निर्माता भूषण कुमार, अभिनेता वरुण धवन और अहान शेट्टी जवानों के साथ नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सोनू निगम जवानों के साथ ‘घर कब आओगे’ गुनगुनाते दिखते हैं, जबकि वरुण धवन और अहान शेट्टी देश के रक्षकों के साथ थिरकते हुए नजर आते हैं। यह पल बेहद भावुक और गर्व से भरा हुआ दिखाई देता है।
मनोज मुंतशिर के बोल, मिथुन का संगीत
जहां ओरिजिनल ‘संदेसे आते हैं’ को जावेद अख्तर ने लिखा था और संगीत अनु मलिक का था, वहीं इसके नए वर्जन के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। संगीतकार मिथुन ने इस गीत को नए दौर की संवेदनाओं के साथ सजाया है।
पहले इस गाने को सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने आवाज दी थी, लेकिन इस बार चार गायकों की भावनात्मक आवाज ने गीत को और ज्यादा असरदार बना दिया है।
23 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी ‘बॉर्डर 2’
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी फिल्म का हिस्सा हैं। हाल ही में रिलीज हुआ फिल्म का टीजर दर्शकों के बीच पहले ही देशभक्ति का जोश जगा चुका है।




