
बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ अचानक गायब हो गई। पति कमाने के लिए दूसरे राज्य में था, मगर जब उसे पत्नी के लापता होने की खबर मिली, तो वो आनन फानन घर लौटा और पुलिस की शरण में पहुंचा। महिला की पूरी तैयारी के साथ गायब होने की बात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पति ने दर्ज कराई शिकायत
सुरसंड थाना क्षेत्र के नवीन कुमार ने रीगा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। नवीन की शादी 22 जून 2018 को रीगा के कुसुमपुर बखरी गांव की चांदनी कुमारी से हुई थी। दंपती के दो बेटे, राज कुमार (6 वर्ष) और आदर्श कुमार (4 वर्ष), हैं। नवीन ने बताया कि उनकी पत्नी चांदनी 21 मार्च 2025 को दोनों बच्चों के साथ लापता हो गई।
छह महीने पहले गई थी मायके
युवक ने पुलिस को सूचित किया कि छह महीने पहले चांदनी बच्चों के साथ अपने मायके गई थी, जबकि वह खुद काम के सिलसिले में बाहर था। 21 मार्च को उनके ससुर देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि चांदनी दोनों बच्चों के साथ घर से गायब हो गई। कई दिनों की खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।
नवीन ने ससुराल जाकर पता लगाया कि चांदनी एक ट्रॉली बैग में गहने, कपड़े, बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी कागजात लेकर गई है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है, जिससे उसका पता लगाना मुश्किल हो रहा है। नवीन ने पुलिस से पत्नी और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।