
WPL 2025: मुंबई इंडियंस ने महिला फ्रेंचाइजी टी20 टूर्नामेंट डब्ल्यूपीएल के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से हराकर अपना दूसरा खिताब जीता। पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के 66 रनों की बदौलत 7 विकेट पर 149 रन बनाए। इस चुनौती का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम मारिजेन काप के 40 रनों की बदौलत 20 ओवर में 141 रन ही बना सकी।
मुंबई ने आखिरी ओवर तक खिंचे मैच में जीत हासिल कर डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हरमनप्रीत कौर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि मुंबई टीम की नैट साइवर-ब्रंट को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। लेकिन कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने स्पष्ट किया कि मैच का परिणाम क्या रहा।
एमआई की मुख्य कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने कहा, दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग काफी अनुभवी हैं। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा तेज शुरुआत दिलाने में माहिर हैं। दोनों को जल्दी आउट करने से मैच वास्तव में हमारे पक्ष में हो गया। शुरुआती विकेटों ने मुंबई को डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने में मदद की। जीत के लिए 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली नौ विकेट पर 141 रन ही बना सकी। कोच एडवर्ड्स ने कहा कि यदि वे दोनों आउट ना हुए होते तो परिणाम अलग हो सकते थे।
कोच एडवर्ड्स ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की भी प्रशंसा की, जिन्होंने 44 गेंदों पर 66 रन बनाए। एडवर्ड्स ने कहा, "हरमन शांत मन से खेल रही थी। वह बहुत शानदार खिलाड़ी है और उसने मन ही मन ठान लिया था कि वह एक और खिताब जीतना चाहती है। इसलिए उसने हरसंभव कोशिश की। वह एक अच्छी कप्तान भी है। उसे इस बात का अच्छा अनुभव है कि युवा खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे करवाया जाए। यही कारण है कि मुंबई इंडियंस ने उसके नेतृत्व में अच्छा प्रदर्शन किया है।"