img

IPS Officer Daughter Ranya Rao Arrest: कर्नाटक के बेंगलुरु में केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य की 14.2 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त की गई हैं। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को ये सूचना दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री रान्या राव आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। रामचंद्र राव द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, रान्या ने उन्हें कभी अपने घर आने की इजाजत नहीं दी। आरोपी को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।

रामचंद्र राव वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि कानून अपना काम करेगा। उनके अनुसार रान्या की शादी महज चार महीने पहले हुई है और तब से वह उनसे मिलने नहीं आई है। रान्या और उनके पति के व्यापारिक लेन-देन के बारे में कुछ भी पता नहीं है, और यह खबर बहुत बड़ा झटका और निराशा लेकर आई है।

रामचंद्र राव ने बताया कि रान्या की शादी 4 महीने पहले ही हुई थी, लेकिन वह हमसे अलग रहने लगी थी। हमें समझ नहीं आया कि वह ऐसा व्यवहार क्यों कर रही थी। उसने हमें कभी अपने घर में भी नहीं आने दिया। हमें कभी पता ही नहीं चला कि क्या हो रहा था। अभिनेत्री के पास से कुल 17.29 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया गया, जिसमें 4.73 करोड़ रुपये मूल्य की अन्य वस्तुएं भी शामिल हैं।