Up kiran,Digital Desk : जुलाई विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में फैले तनाव और कई इलाकों में हुई हिंसा व तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच भारत ने सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सेना की पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी ने शुक्रवार को त्रिपुरा और मिजोरम में भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा कर सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
कोलकाता स्थित पूर्वी कमान मुख्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल तिवारी ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ दक्षिण त्रिपुरा में बेलोनिया सीमा चौकी का निरीक्षण किया और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूदा स्थिति की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों पर भी चर्चा की।
इसके अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल तिवारी ने सेना के स्पीयर कोर के तहत मिजोरम के परवा इलाके में असम राइफल्स और बीएसएफ के कंपनी ऑपरेटिंग बेस का भी दौरा किया। यहां उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात जवानों की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की और सेना, बीएसएफ व असम राइफल्स के जवानों की सतर्कता, समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में शरीफ उस्मान हादी की मौत की पुष्टि अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने गुरुवार रात राष्ट्र के नाम संबोधन में की थी। इसके बाद ही देश के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए और बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन, हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास पर पथराव की घटना ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया, जिसके चलते भारत ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा चौकसी और कड़ी कर दी है।
_1889762554_100x75.png)
_1445798264_100x75.png)
_1626216146_100x75.png)
_1862444039_100x75.png)
_1162141055_100x75.png)