img

आज कामदा एकादशी है—वह पावन तिथि जिसे विष्णु भक्त बड़ी श्रद्धा से उपवास और पूजन के साथ मनाते हैं। मान्यता है कि कामदा एकादशी का व्रत रखने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह व्रत विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी माना जाता है जो संतान, सुख, धन, करियर या पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। साथ ही, इस दिन श्री विष्णु के दोलोत्सव की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसमें शाम को भगवान की झूले में पूजा होती है।

कामदा एकादशी का व्रत नित्य (नियमित) और काम्य (इच्छा पूर्ति के लिए) दोनों प्रकार का होता है। विशेष रूप से गृहस्थों के लिए शुक्ल पक्ष की एकादशी का नित्य व्रत करना जरूरी माना जाता है।

आइए जानते हैं आज के दिन कौन-कौन से उपाय करके आप अपने जीवन की समस्याओं को कम कर सकते हैं और समृद्धि की ओर बढ़ सकते हैं।

आर्थिक उन्नति के लिए उपाय

यदि आप आर्थिक तंगी से परेशान हैं या धन की गति धीमी है, तो सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें। तुलसी के पौधे के सामने घी का दीपक जलाएं और 11 बार ‘ॐ नमो भगवते नारायणाय’ मंत्र बोलते हुए तुलसी को प्रणाम करें। इससे धन वृद्धि का मार्ग खुलता है।

व्यापार में गति के लिए उपाय

पीले कपड़े में दो हल्दी की गांठ, एक चांदी का या एक रुपये का सिक्का और एक पीली कौड़ी रखकर पोटली बनाएं। पूजा के बाद इस पोटली को अपने व्यापारिक स्थान या तिजोरी में रखें। यह उपाय व्यापार में स्थायित्व और प्रगति लाने वाला माना जाता है।

दांपत्य जीवन में मधुरता के लिए उपाय

एक कच्चे नारियल को पीले कपड़े में लपेटें, मौली से बांधें और श्री विष्णु मंदिर में अर्पित करें। यह उपाय पति-पत्नी के बीच के संबंधों को मजबूत करता है।

मनचाहे विवाह के लिए उपाय

विष्णु और लक्ष्मी की प्रतिमा या चित्र के समक्ष बैठकर ‘ॐ लक्ष्मी नारायणाय नमः’ मंत्र का एक माला (108 बार) जाप करें और मनचाहे विवाह की कामना करें। इससे विवाह में आ रही बाधाएं दूर हो सकती हैं।

पारिवारिक कलह समाप्त करने का उपाय

श्री विष्णु की पूजा के समय दक्षिणावर्ती शंख में जल भरें, उसमें थोड़ा गंगाजल मिलाएं और भगवान को अर्पित करें। इसके बाद इस जल को घर के सभी सदस्यों को प्रसाद रूप में पिलाएं। इससे पारिवारिक संबंध सुधरते हैं।

दांपत्य जीवन को सुखमय बनाने के लिए

भगवान विष्णु की पूजा के बाद केले के वृक्ष को जल अर्पित करें, घी का दीपक जलाएं और दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करें। यह उपाय वैवाहिक जीवन को मधुर बनाए रखने में सहायक होता है।

नौकरी या प्रमोशन के लिए उपाय

मिट्टी के घड़े में गेहूं भरें, उसे ढक्कन से बंद करें और किसी योग्य ब्राह्मण को दान दें। साथ ही उनका आशीर्वाद लें। यह उपाय करियर की बाधाओं को दूर करने में सहायक माना जाता है।

कर्ज मुक्ति के लिए उपाय

पीपल के पेड़ की 11 बार परिक्रमा करें और परिक्रमा के साथ कच्चा सूत लपेटें। बाद में पीपल की जड़ में जल अर्पित कर प्रार्थना करें। इससे कर्ज से मुक्ति मिलने की संभावनाएं बढ़ती हैं।

महत्वपूर्ण कार्य में सफलता पाने के लिए

घर से निकलते समय हल्दी का तिलक लगाकर जाएं। यदि कुछ दिन बाद किसी जरूरी काम के लिए जा रहे हैं, तो हल्दी से रंगा हुआ सफेद सूत लेकर श्रीहरि के चरणों में चढ़ाएं, सात गांठें बांधें और अपने पास रखें। कार्य के दिन इसे साथ लेकर जाएं, कार्य में सफलता मिलेगी।

लगातार धन हानि से राहत के लिए

पीले रेशमी कपड़े में सात हल्दी की गांठें बांधकर केले के पेड़ के नीचे रख दें। साथ ही भगवान विष्णु के लिए उपवास रखें। यह उपाय आर्थिक स्थिति में सुधार लाने वाला होता है।

करियर या बिजनेस में सफलता के लिए

पीपल के पत्ते पर हल्दी से स्वास्तिक बनाकर ‘ॐ नमो भगवते नारायणाय’ मंत्र के साथ भगवान को अर्पित करें। साथ में पीली मिठाई या केला चढ़ाएं। यह उपाय करियर और व्यवसाय में नई दिशा देता है।

कन्या के विवाह में बाधा हो तो करें यह उपाय

बेसन के 21 लड्डू बनाएं या बाज़ार से मंगवाएं। विष्णु जी की प्रतिमा के चरणों में एक-एक करके लड्डू चढ़ाएं और प्रत्येक लड्डू के साथ ‘ॐ नमो भगवते नारायणाय’ मंत्र बोलें। फिर कपूर से आरती करें। यह उपाय कन्या विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करता है।