img

Up Kiran, Digital Desk: नई दिल्ली में एक अहम बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने देश-विदेश के बड़े कारोबारियों से सीधा संवाद किया। इस बातचीत का मकसद केवल निवेश लाना नहीं था, बल्कि पंजाब की जनता के लिए नए अवसर खोलना भी था। मान ने उद्योगपतियों को पंजाब की तरक्की में भागीदार बनने का न्योता दिया, साथ ही बताया कि राज्य अब केवल खेती तक सीमित नहीं, बल्कि इंडस्ट्री, टूरिज्म और इंटरटेनमेंट का पावरहाउस बनने को तैयार है।

रोजगार की कुंजी हैं उद्योगपति- मुख्यमंत्री मान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उद्योगपतियों को देश की रीढ़ कहा और बताया कि लाखों परिवारों की रोजी-रोटी इन्हीं से जुड़ी है। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि पंजाब में पहले से ही बड़े निवेशक मौजूद हैं जिन्होंने यहां अपना कारोबार बढ़ाया है। पंजाब की ताकत का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि देश की कुल ज़मीन का सिर्फ़ 1.5% हिस्सा होने के बावजूद यह राज्य देश के GDP में 3% से ज़्यादा योगदान देता है।

जहां सब कुछ उगता है - पंजाब की खेती से आगे की सोच

पंजाब को केवल अन्नदाता मानना अब पुराना नजरिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की ज़मीन इतनी उपजाऊ है कि सिर्फ़ अनाज ही नहीं, बल्कि उद्योगों की फसल भी लहलहा सकती है। उन्होंने बताया कि राज्य के मेहनती और जुझारू लोग देश-विदेश में मिसाल बने हैं और अब यहां की ज़मीन भी कुछ नया उगाने को तैयार है—जैसे फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, टेक्सटाइल हब और ऑटो कंपोनेंट फैक्ट्रियां।

फिल्म सिटी और स्टेडियम से आएगा टूरिज्म बूस्ट

मनोरंजन और खेल के शौकीनों के लिए भी खुशखबरी है। सरकार अब पंजाब में एक आधुनिक फिल्म सिटी बनाने जा रही है जो देशभर के फिल्म मेकर्स को आकर्षित करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के प्राकृतिक दृश्य फिल्मांकन के लिए एकदम परफेक्ट हैं। इसके साथ ही, अमृतसर में एक नया क्रिकेट स्टेडियम भी बन रहा है, जिससे स्पोर्ट्स सेक्टर को नई उड़ान मिलेगी।

पावर प्लांट से बिजली, और सिंगल विंडो से बिज़नेस

औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने पावर और पॉलिसी दोनों पर काम किया है। पंजाब में पांच राज्य-स्वामित्व वाले पावर प्लांट हैं, जिससे उद्योगों को पर्याप्त बिजली मिल रही है। साथ ही, एक मजबूत 'सिंगल विंडो सिस्टम' लागू किया गया है, जिससे अब कारोबार शुरू करना आसान हो गया है।

1.23 लाख करोड़ का निवेश, 4.7 लाख नौकरियां रास्ते में

मार्च 2022 से अब तक पंजाब में ₹1.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनसे 4.7 लाख नई नौकरियों के सृजन की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेस्ले, कारगिल, क्लास, फ्रोडेनबर्ग और बर्बियो जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां यहां अपने बेस बना चुकी हैं। अमेरिका, जापान, जर्मनी, यूके और यूएई जैसे देशों से आ रहा निवेश इस बात का सबूत है कि पंजाब अब ग्लोबल लेवल पर पहचाना जा रहा है।

ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में पंजाब टॉप पर क्यों?

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही उद्योग-हितैषी नीतियां अपनाई हैं। 'फास्ट ट्रैक पंजाब' पोर्टल को भारत का सबसे स्मार्ट सिंगल-विंडो सिस्टम बताया गया है, जिससे निवेशकों को पेपरवर्क से छुटकारा मिल गया है। राइट टू बिज़नेस एक्ट के तहत अब ₹125 करोड़ तक के प्रोजेक्ट्स को महज़ 5 दिनों में प्रिंसिपल अप्रूवल दिया जा रहा है।