
Up Kiran , Digital Desk:बॉलीवुड और टीवी की चकाचौंध भरी दुनिया में नाम और पैसा कमाने के बावजूद कई अभिनेत्रियां ऐसी हैं, जिन्हें असल जिंदगी में सुकून नहीं मिला। इसी सुकून और आत्मिक शांति की तलाश में उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया और धर्म एवं आध्यात्म का मार्ग अपना लिया। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, और अब इसमें 'बिग बॉस 17' फेम सोनिया बंसल का नाम भी जुड़ गया है। आइए, एक नजर डालते हैं उन अभिनेत्रियों पर जिन्होंने मनोरंजन जगत को छोड़कर एक अलग राह चुनी।
सोनिया बंसल
'बिग बॉस 17' से चर्चा में आईं सोनिया बंसल ने हाल ही में मनोरंजन उद्योग छोड़ने की घोषणा की है। पांच फिल्में कर चुकीं सोनिया ने आत्म-खोज, शांति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य की तलाश में यह कदम उठाया है। उन्होंने अपने निजी जीवन और आंतरिक शांति को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
जायरा वसीम
'दंगल' जैसी सुपरहिट फिल्म से प्रसिद्धि पाने वाली जायरा वसीम ने अपने करियर के शिखर पर इस्लाम की राह पर चलने के लिए बॉलीवुड छोड़ दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा कर इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी।
अनघा भोसले
लोकप्रिय टीवी शो 'अनुपमा' में नंदिनी का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अनघा भोसले ने भी टीवी इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। उनके इस फैसले ने कईयों को चौंका दिया था, क्योंकि 'अनुपमा' से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। अनघा अब भगवान कृष्ण की अनन्य भक्त हैं और उन्होंने अपना जीवन पूरी तरह से भक्ति को समर्पित कर दिया है। वह इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं और अपना यूजरनेम बदलकर 'राधिका गोपी डीडी' कर लिया है। इंडस्ट्री छोड़ने के पीछे उन्होंने इंडस्ट्री की राजनीति और हमेशा अच्छा दिखने के दबाव को वजह बताया था।
सना खान
साल 2020 में 'बिग बॉस 7' फेम सना खान ने भी धार्मिक कारणों से इंडस्ट्री को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया था कि वह अच्छा पैसा कमा रही थीं, लेकिन उन्हें मन का सुकून नहीं मिल पा रहा था। इसी वजह से उन्होंने शादी के बाद इस्लाम की राह अपना ली।
बरखा मदान
कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकीं बरखा मदान ने भी अचानक ग्लैमर की दुनिया को त्याग दिया। उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया और अब एक बौद्ध नन के रूप में अपना जीवन व्यतीत कर रही हैं। उनके इस फैसले ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया था।
--Advertisement--