img

UP Kiran Digital Desk : कोलकाता की क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) चेन 'वाओ मोमो फूड्स (Wow Momo Foods) में जाने-माने निवेशक मधुसूदन केला ने 75 करोड़ रुपये का निवेश किया है। मधुसूदन केला, एसेट मैनेजमेंट कंपनी सिंगुलैरिटी AMC के फाउंडर हैं। 'वाओ मोमो फूड्स' ने एक बयान में कहा कि इस नए निवेश से कंपनी के विस्तार और ग्रोथ के अगले चरण को रफ्तार देने में मदद मिलेगी।

मधुसूदन केला की अगुवाई में यह निवेश कंपनी के चल रहे ब्रिज फंडिंग राउंड का हिस्सा है। इससे पहले ब्रिज राउंड में मलेशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड खजाना नेशनल बरहाद के साथ-साथ 360वन और हल्दीराम ग्रुप से जुड़े निवेशक कमल अग्रवाल ने भी हिस्सा लिया था।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इससे पहले कंपनी ने हल्दीराम फूड्स के कमल अग्रवाल और मलेशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड खजाना नेशनल बरहाद की लीडरशिप में ब्रिज फंडिंग राउंड में करीब 130-150 करोड़ रुपये जुटाए थे।

1,500 स्टोर्स का लक्ष्य

साल 2008 में कॉलेज के दोस्तों सागर दर्याणी और बिनोद होमगाई द्वारा स्थापित Wow Momo Foods इस समय देश के 80 से ज्यादा शहरों में 800 से अधिक आउटलेट्स चलाती है। कंपनी का लक्ष्य अगले दो सालो में 100 से ज्यादा शहरों में विस्तार करते हुए भारत में 1,500 से अधिक स्टोर्स का नेटवर्क तैयार करना है।

कंपनी के फाउंडिंग टीम ने कहा, “यह निवेश हमारी लॉन्ग-टर्म रणनीति और भारत में एक मजबूत, टिकाऊ QSR कंपनी बनाने के विजन की पुष्टि करता है। मधुसूदन केला का भरोसा हमें तेजी से स्केल करने, नए इनोवेशन लाने और उपभोक्ताओं का भरोसा जीतने वाला ब्रांड बनाने के लिए और प्रेरित करता है।”

बड़े फंडिंग राउंड की तैयारी

Wow Momo Foods ने यह भी बताया कि उसने अगले साल होने वाले बड़े फंडिंग राउंड के लिए Avendus को इन्वेस्टमेंट बैंकर के रूप में नियुक्त किया है।

मजबूत फाइनेंशियल प्रदर्शन

कंपनी कुल चार ब्रांड चलाती है- वाओ! मोमो, वाओ! चाइना, वाओ! चिकन, और वाओ! कुल्फी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 640 करोड़ रुपये से अधिक का रेवेन्यू दर्ज किया, जो इसके पिछले साल के मुकाबले 30 फीसदी से अधिक था। इसी अवधि में कंपनी का Same Store Sales Growth (SSSG) 40% से अधिक रहा। कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹850 करोड़ के रेवेन्यू का लक्ष्य रखा है।