Up Kiran, Digital Desk: इंटर मियामी ने स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बुधवार रात ओरलांडो सिटी को 3-1 से हराकर लीग्स कप के फाइनल में जगह बना ली। चोट से उबरकर लौटे मेस्सी ने अपनी क्लास दिखाते हुए लगातार दूसरे मैच में निर्णायक भूमिका निभाई।
पहला गोल भले ओरलांडो सिटी के लिए आया। मैच के 45वें मिनट में मारको पासालिच ने गेंद को नेट में पहुंचाया। हालांकि, इस गोल की वैधता पर शक था और वीएआर समीक्षा भी हुई, लेकिन रेफरी ने इसे सही ठहराया।
दूसरे हाफ में खेल का रुख बदल गया। 77वें मिनट में टाडेओ अलेंदे को बॉक्स में रोकने पर पेनाल्टी मिली और मेस्सी ने बिना गलती किए स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद 88वें मिनट में मेस्सी-आल्बा की जोड़ी ने वहीं पुराना कमाल दिखाया आल्बा के पास पर मेस्सी ने गोल कर मियामी को बढ़त दिला दी।
मैच के अंतिम क्षणों में टेलास्को सेगोविया और लुइस सुवारेज़ की बेहतरीन पासिंग ने तीसरा गोल बनाया और जीत पर मुहर लगा दी।
टीम के सहायक कोच जेवियर मोरालेस ने मेस्सी की तारीफ करते हुए कहा, "हमारे पास उनके खेल को वर्णन करने के लिए शब्द नहीं हैं। दो-तीन दिन की ट्रेनिंग के बाद ही उन्होंने पूरे 90 मिनट खेला और जिस तरह मौके बनाए और गोल किए, यह किसी वरदान से कम नहीं।"
मैच में दिखी गर्मजोशी
मैच में काफी गर्मजोशी भी देखने को मिली। कुल नौ यलो कार्ड दिखाए गए, जबकि ओरलांडो के डिफेंडर डेविड ब्रेकालो को रेड कार्ड से बाहर होना पड़ा। इस पर ओरलांडो के कोच ऑस्कर पारेजा काफी नाराज़ दिखे और उन्होंने फैसलों को कठोर बताया।
अब इंटर मियामी का सामना रविवार को फाइनल में सिएटल साउंडर्स से होगा, जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में एलए गैलेक्सी को 2-0 से मात दी।




