Up kiran,Digital Desk : टीवी इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार हिना खान ने अपने करियर में कई हिट शोज़ और वेब सीरीज़ में काम किया है, लेकिन उनकी पहचान और आर्थिक मजबूती की नींव जिस शो ने रखी, वह था ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’। हाल ही में हिना ने खुद इस बात का खुलासा किया कि किस शो ने उन्हें सबसे ज्यादा कमाई दिलाई।
आठ सालों ने बनाया मजबूत करियर
हिना खान ने एल्विश यादव के शो में बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने करीब आठ साल तक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अक्षरा का किरदार निभाया। यही वजह रही कि यह शो उनके करियर का हाईएस्ट पेइंग प्रोजेक्ट साबित हुआ। उन्होंने कहा कि आज उनके पास जो भी संपत्ति और आर्थिक स्थिरता है, उसका बड़ा हिस्सा इसी शो से आया है।
‘नागिन’ और ‘कसौटी’ से नाम मिला, दौलत नहीं
‘ये रिश्ता…’ के बाद हिना खान ने एकता कपूर के चर्चित शोज़ ‘नागिन’ और ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में अहम किरदार निभाए। हालांकि, हिना के मुताबिक ये प्रोजेक्ट्स लोकप्रिय जरूर रहे, लेकिन कमाई के मामले में वे ‘ये रिश्ता…’ के आसपास भी नहीं पहुंचे।
उन्होंने साफ कहा कि ‘नागिन’ उन्होंने सीमित समय के लिए किया और ‘कसौटी 2’ में कोमोलिका का रोल भी सिर्फ 6-7 महीने का था, जबकि ‘ये रिश्ता…’ लंबे समय तक चला और उसी ने उन्हें आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा फायदा पहुंचाया।
बिग बॉस से फिल्मों तक का सफर
हिना खान ने 2008 में टीवी डेब्यू किया और आठ साल बाद शो छोड़कर बिग बॉस 11 में एंट्री ली, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके बाद उन्होंने फिल्मों और वेब सीरीज़ में भी काम किया।
बीते समय में ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद हिना ने मजबूती दिखाई और दोबारा प्रोफेशनल लाइफ में वापसी की। हाल ही में वह रियलिटी शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ में नजर आईं।
निजी जिंदगी में भी खुश
पर्सनल लाइफ की बात करें तो हिना खान ने अपने लंबे समय के साथी रॉकी जायसवाल से शादी कर ली है और अब वह अपने करियर के साथ निजी जीवन में भी संतुलन बनाए हुए हैं।




