img

हैरिसबर्ग: पेनसिल्वेनिया में एक महिला जज को अपने पूर्व प्रेमी पर सोते समय सिर में गोली मारने के मामले में गंभीर अपराधों का दोषी ठहराया गया है। डौफिन काउंटी की निर्वाचित जज सोन्या मैकनाइट पर हत्या की कोशिश और गंभीर हमले के आरोप साबित हो गए हैं। अब 28 मई को कोर्ट उन्हें सजा सुनाएगी, जिसमें उन्हें 60 साल तक की जेल हो सकती है।

ईर्ष्या और गुस्से में उठाया खौफनाक कदम

घटना फरवरी 2024 की है, जब मैकनाइट अपने पूर्व प्रेमी के घर पर थीं। दोनों का रिश्ता खत्म हो चुका था, लेकिन वह घर छोड़ने को तैयार नहीं थीं। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व प्रेमी ने कई बार मैकनाइट से घर छोड़ने का अनुरोध किया था, जिससे वह बेहद नाराज हो गईं।

मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष ने बताया कि मैकनाइट काफी ईर्ष्यालु थीं और उसी गुस्से में उन्होंने अपने पूर्व प्रेमी पर हमला किया। जब पीड़ित व्यक्ति सो रहा था, तब उसके सिर में गोली मार दी गई। हालांकि वह किसी तरह जीवित बच गया।

अदालत में क्या हुआ?

मैकनाइट के वकीलों ने अदालत में तर्क दिया कि गोलीबारी के समय पीड़ित ने हमलावर को स्पष्ट रूप से नहीं देखा और इसलिए यह तय नहीं किया जा सकता कि गोली किसने चलाई। लेकिन अभियोजन पक्ष ने बताया कि घटना के समय घर में केवल दो ही लोग मौजूद थे – पीड़ित और मैकनाइट। ट्रायल जज ने इन तर्कों को खारिज कर दिया और मैकनाइट को दोषी करार दिया।

पहले भी विवादों में रही हैं मैकनाइट

सोन्या मैकनाइट 2016 से डौफिन काउंटी में जज के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें नवंबर 2023 में निलंबित कर दिया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने अपने बेटे से जुड़े एक ट्रैफिक केस में अनुचित हस्तक्षेप किया था, जिससे उन्हें न्यायिक आचरण का उल्लंघन करने का दोषी माना गया।

पूर्व पति को भी मारी थी गोली

यह पहली बार नहीं है जब मैकनाइट पर किसी पर गोली चलाने का आरोप लगा हो। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में वह अपने अलग हो चुके पति को घर बुलाकर उस पर भी गोली चला चुकी हैं। वह घटना तब हुई जब उसने पति को घर का फर्नीचर लेने के लिए बुलाया था। हालांकि उस मामले में अभियोजन पक्ष ने आत्मरक्षा का हवाला देकर उन पर आरोप नहीं लगाए थे।