हिंदुस्तान में किसान का आंदोलन से रिश्ता काफी पुराना रहा है। स्वतंत्रता से पहले ही अन्नदाताओं ने जुल्म के लिए आवाज उठाना शुरू कर दिया था. ऐसे ही एक विरोध के दौरान पुलिस ने किसानों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. मामले में सैकड़ों अन्नदाताओं की मौत हुई. वहीं, सैकड़ों किसान बुरी तरह घायल हुए थे। इतिहास में इस वारदात को मुंशीगंज गोलीकांड के नाम से दर्ज किया गया। इसे अंग्रेजी हुकूमत में दूसरा जलियांवाला बाग कांड भी कहा जाता है।
यूपी के रायबरेली जनपद में मुंशीगंज में जुल्म के खिलाफ विरोध कर रहे किसानों पर 7 जनवरी 1921 को गोलियां चलाई गईं थीं. दरअसल, किसान जमींदारी व्यवस्था से परेशान हो गए थे और इसे हटाने की मांग को लेकर विरोध कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज मामला अंग्रेजों के जुल्म के विरूद्ध किसानों की कुर्बानी की महागाथा है. अंग्रेज सरकार ने सैकड़ों निहत्थे और मासूम किसानों पर पुलिस बल से गोलियों की बौछार करवा दी थी। कहा जाता है कि इस गोलीबारी में किसानों का इतना खून बहा था कि पास ही बहने वाली सई नदी लाल हो गई।




