Up kiran,Digital Desk : शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पूर्व महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राउत का कहना है कि अजित पवार के पास भाजपा से जुड़े कथित घोटाले की एक फाइल थी और उसके कुछ ही दिनों बाद उनकी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई।
‘फाइल की बात कहने के बाद हुआ हादसा’
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने दावा किया कि अजित पवार लगातार कह रहे थे कि उनके पास भाजपा के कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइल है, जिसे वे सार्वजनिक करने वाले हैं। राउत के मुताबिक, 15 जनवरी को यह बयान दिया गया और करीब दस दिन बाद एक विमान हादसे में अजित पवार की मौत हो गई। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को संदेहास्पद बताया।
‘भाजपा से दूरी बना रहे थे अजित दादा’
राउत ने यह भी दावा किया कि अजित पवार भाजपा से नाता तोड़कर फिर से अपने चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) में लौटने की तैयारी में थे। उन्होंने कहा कि जिस दिन अजित पवार ने भाजपा के घोटाले की फाइल होने की बात कही, उसी दिन से उन्हें आशंका होने लगी थी कि राजनीतिक समीकरण बदलने वाले हैं।
पुराने आरोपों की दिलाई याद
संजय राउत ने कहा कि नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान अजित पवार ने यह दावा किया था कि 1995 से 1999 के बीच भाजपा और अविभाजित शिवसेना सरकार के समय हुए कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी एक फाइल उनके पास मौजूद है। राउत के अनुसार, अजित पवार का शरद पवार के साथ लौटना भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता था।
‘मौत पर राजनीति नहीं’ के बावजूद राउत अड़े
राउत ने कहा कि भले ही शरद पवार ने इस हादसे को दुर्घटना बताते हुए राजनीति न करने की बात कही हो, लेकिन समय के साथ सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार जैसे वरिष्ठ नेता अकेले विमान में क्यों यात्रा कर रहे थे और उनके साथ कोई ओएसडी या अन्य स्टाफ क्यों नहीं था।
भाजपा का तीखा पलटवार
संजय राउत के आरोपों पर भाजपा ने कड़ा जवाब दिया है। भाजपा एमएलसी चित्रा वाघ ने कहा कि राउत अपने राजनीतिक फायदे के लिए किसी की मौत का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि अगर कोई दस्तावेज मौजूद हैं, तो उन्हें सामने लाया जाना चाहिए।
‘अदालत जाना है तो जाएं’
चित्रा वाघ ने तंज कसते हुए कहा कि संजय राउत चाहें तो अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं, यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय अदालत भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पर इस तरह के आरोप लगाना सिर्फ राजनीतिक स्टंट है।
_135240338_100x75.png)
_1677431607_100x75.png)


