img

यूपी किरण डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी ) को कठघरे में खड़ा किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी राज में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि पछले दस वर्षों में किसानों की न तो आय दो गुना हुई है और न ही एमएसपी दी गई है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को एमएसपी की गारंटी के साथ ही कर्ज भी माफ़ किये जाएंगे।

देश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां चरम पर हैं। कांग्रेस समेत अधिकांश विपक्षी पार्टियों ने अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया है। बीजेपी सबसे बाद में अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी करती है। सभी सियासी पार्टियां अपने-अपने घोषणापत्र में किसानों के लिए ढेरों वादे कर रही हैं। कांग्रेस ने किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने के साथ ही किसानपन के क़र्ज़ माफ़ करने का भी वायदा किया है। आंदोलनरत किसानों की भी यही मांग है।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार को अपनी एक पोस्ट में बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रियंका ने कहा कि बीजेपी ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया गया है, लेकिन उद्योगपतियों का लाखों करोड़ रुपये माफ हुए हैं। कांग्रेस महासचिव ने लिखा, 'आज देश में हर दिन 30 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बीजेपी राज में 1 लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। कृषि में इस्तेमाल होने वाली जरूरी वस्तुओं और उपकरणों पर जीएसटी वसूली जाती है'।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि 10 साल में न किसानों को एमएसपी मिली, न आय दोगुनी हुई। कर्ज में डूबे किसानों का एक पैसा माफ नहीं हुआ, लेकिन चंद उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ माफ कर दिया गया'। प्रियंका ने देश के किसानों से वादा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में किसानों की कर्जमाफी के साथ ही कृषि उपकरण जीएसटी मुक्त होंगे। फसलों के नुकसान पर 30 दिन में मुआवजा दिया जाएगा। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों का 72,000 करोड़ का कर्ज माफ किया था। 

--Advertisement--