img

पंजाब के गुरदासपुर में लुटेरी दुल्हन ने वन विभाग के एक रिटायर अफसर को लूट लिया। आरोपी विवाह रचाने के 15 दिन के भीतर ही अफसर से नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गई। बीते 30 दिनों से सेवानिवृत अफसर पुलिस से न्याय पाने के लिए ठोकरे खा रहा है। मगर अभी तक पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध कोई केस दर्ज नहीं किया है।

जानकारी देते हुए वन विभाग से सेवानिवृत अफसर सतनाम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। उनके बच्चे भी विदेश में रहते हैं। पत्नी की मौत के बाद वो अकेले रहते थे। उन्होने अपने बच्चों की सहमति से पटियाला की एक महिला से शादी कर ली। शादी के कुछ वक्त बाद दूसरी पत्नी उपचार का बहाना बना कर अपने माता पिता के पास पटियाला चली गई। वहां जाकर उसने उपचार के लिए पैसे मांगे।

पहली बार उसने दूसरी पत्नी के खाते में ₹50,000 जमा कराए। दूसरी बार ₹1 लाख और फिर ₹2 लाख जमा करा दिए। इस तरह उसने कुल ₹6 लाख उसके खाते में डाल दिए। इसके बाद भी जब पत्नी पैसे मांगने लगी तो उसने मना कर दिया और उसे घर वापस आने के लिए कहा। अगले दिन वो अपनी बहन के साथ घर वापस आ गई। अगले दिन उसकी बहन ने कहा कि वो श्री दरबार साहिब में माथा टेकने जा रही है। उसके ड्राइवर ने उसे अमृतसर में छोड़ दिया। इसके अगली रात उसकी दूसरी पत्नी ने उसे ब्रेड में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर में रखे छह तोले सोने के गहने और ₹2 लाख की नगदी लेकर फरार हो गई।

उसने बताया कि उसके साथ कुल ₹10 लाख की ठगी हुई है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, मगर एक महीना बीत जाने के बावजूद पुलिस महिला के विरूद्ध केस दर्ज नहीं कर रही है। इस मामले को लेकर डीएसपी सुखपाल सिंह से बात की गई तो उन्होने कहा कि सतनाम सिंग नामक शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी के विरूद्ध धोखेबाजी की शिकायत दर्ज कराई है। जिसकी जांच की जा रही है। मामले की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

--Advertisement--