Up kiran,Digital Desk : पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपनी फिटनेस को लेकर हमेशा सजग रहते हैं। इसका ताजा उदाहरण तब देखने को मिला जब एक प्रशंसक ने उन्हें उनके पसंदीदा वड़ा पाव का ऑफर दिया, लेकिन रोहित ने इसे विनम्रता से ठुकरा दिया। यह पहला मौका नहीं है जब हिटमैन ने वड़ा पाव को खाया नहीं; पहले भी वह अपनी फिटनेस के कारण इसे छोड़ चुके हैं। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विजय हजारे ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन
रोहित शर्मा जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे, जिसकी शुरुआत 11 जनवरी से होगी। इससे पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने सिक्किम के खिलाफ 155 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि उत्तराखंड के खिलाफ खाता खोले बिना आउट हो गए। बावजूद इसके उनकी फॉर्म और फिटनेस ने चयनकर्ताओं और फैंस को प्रभावित किया।
2025: रिकॉर्ड और उपलब्धियों का साल
साल 2025 रोहित शर्मा के लिए यादगार साबित हुआ। उन्होंने न केवल ढेरों रन बनाए, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़े। रोहित ने भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई और 20,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
उन्होंने पहली बार आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-एक बल्लेबाज बनने का गौरव प्राप्त किया और भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। इसके अलावा रोहित ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा। फिलहाल 279 वनडे मैचों में रोहित ने 355 छक्के जड़े हैं।




