img

Up Kiran, Digital Desk: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) के चुनावों में इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार वापसी करते हुए अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमा लिया है। कांटे की टक्कर में ABVP के उम्मीदवार आर्यन मान ने कांग्रेस समर्थित NSUI की जोसलिन चौधरी को हराकर जीत का परचम लहराया। 14वें राउंड की गिनती खत्म होने तक आर्यन मान को 18,538 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी जोसलिन को 8,680 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।

पिछले साल NSUI ने मारी थी बाजी

यह जीत ABVP के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले साल उन्हें बड़ा झटका लगा था। 2024 के चुनावों में, सात साल के लंबे इंतजार के बाद NSUI ने वापसी करते हुए अध्यक्ष और संयुक्त सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल की थी, जबकि ABVP को केवल उपाध्यक्ष और सचिव पद से ही संतोष करना पड़ा था। NSUI के रौनक खत्री ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था।

इस साल आर्यन मान की जीत ने एक बार फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र राजनीति में भगवा लहर को वापस ला दिया है।

कौन हैं DUSU के पहले अध्यक्ष और पहली महिला अध्यक्ष?

क्या आप जानते हैं कि DUSU के सबसे पहले अध्यक्ष गजराज बहादुर नागर थे, जो 1954 में चुने गए थे। बाद में वह हरियाणा सरकार में मंत्री भी बने। वहीं, DUSU को अपनी पहली महिला अध्यक्ष 1989 में अंजू सचदेवा के रूप में मिलीं, जिन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीता था। आखिरी बार 2008 में नूपुर शर्मा DUSU की महिला अध्यक्ष बनी थीं।

आर्यन मान की इस बड़ी जीत के बाद ABVP के समर्थकों में जश्न का माहौल है और अब सबकी निगाहें बाकी पदों के अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।