केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालीदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों फरियादियों को मिठाई और पानी पिलाकर उनकी समस्याएं सुनीं, एक महिला के आँशु निकाल आए जब वह अपनी समस्या को सुन रही थी। श्री मौर्य ने त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि “हर व्यक्ति की हर समस्या का हर संभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा”। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा ऐसा समाधान हो कि पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के बीच पहुंचे और उनसे सीधा संवाद स्थापित करते हुए एक-एक समस्या को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे मौके पर ही कार्यवाही प्रारंभ हो सके।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, उत्पीड़न, दुर्घटनाएं, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, आवास आवंटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां आवश्यक हो, वहां कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण में स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए और उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।




