_759067592.jpg)
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। गोपीगंज थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में काम कर रहे किसानों को पास ही स्थित एक सूखे कुएं से दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने झांककर देखा तो कुएं में एक कंकाल जैसी आकृति नजर आई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
खेत में काम के दौरान मिली जानकारी
सोमवार को खेत में थ्रेसरिंग कर रहे कुछ किसान जैसे ही पास के सूखे कुएं के पास पहुंचे, वहां से बदबू आने लगी। शक होने पर उन्होंने कुएं में झांका तो अंदर एक सड़ी-गली लाश नजर आई। पुलिस को खबर मिलते ही एडिशनल एसपी शुभम अग्रवाल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
कपड़ों से हुई पहचान, तीन महीने पहले हुआ था लापता
शव की पहचान मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पत्नी रेखा देवी ने की। मृतक का नाम मुकेश कुमार बिन्द (35) बताया गया है, जो 30 दिसंबर 2024 से लापता था। वह अपने दोस्त नेबुल बिन्द के साथ घर से निकला था लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। शव मिलने की जगह उसके घर से महज 250 मीटर की दूरी पर स्थित थी।
दोस्ती के नाम पर ले गया, फिर हुआ लापता
रेखा देवी ने पहले ही 20 जनवरी 2025 को पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसने गांव के ही नेबुल बिन्द पर उसके पति को गायब कराने का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि नेबुल और मुकेश के बीच पहले विवाद था, बाद में उसने दोस्ती कर ली और एक अच्छी नौकरी का झांसा देकर 30 दिसंबर को उसे अपने साथ ले गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि नेबुल तो कुछ दिन बाद गांव लौट आया, लेकिन मुकेश का कोई सुराग नहीं मिला। मुकेश का मोबाइल भी बंद आ रहा था और नेबुल ने इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसी आधार पर रेखा देवी की तहरीर पर नेबुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत केस दर्ज किया गया।
परिवार की हालत बदतर, 6 भाईयों में सबसे छोटा था मुकेश
मुकेश परिवार का इकलौता सहारा था। वह कालीन की मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके छह बच्चे हैं – पांच बेटियां और एक बेटा। मुकेश अपने छह भाइयों में सबसे छोटा था और उसके लापता होने के बाद से पूरा परिवार सदमे में था।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अब मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी नेबुल बिन्द को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हत्या या दुर्घटना?
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिवार की ओर से साफतौर पर हत्या का आरोप लगाया गया है। जिस तरह से मृतक का शव घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कुएं से मिला, उससे यह मामला और भी संदिग्ध बन गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह तय हो पाएगा कि यह मौत दुर्घटना थी या साजिशन हत्या।