img

Up Kiran, Digital Desk: मोतिहारी में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने साफ कर दिया है कि जिन लोगों के पास बाहर से लिए गए लाइसेंस पर हथियार हैं, उन्हें हर हाल में सत्यापन कराना होगा। अगर तय समय में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो न सिर्फ हथियार जब्त होंगे बल्कि कानूनी कार्रवाई भी होगी।

बाहर से लिए गए लाइसेंस धारकों में खलबली

एसपी के निर्देश के बाद सबसे ज्यादा बेचैनी उन लोगों में देखी जा रही है जिन्होंने राज्य से बाहर से लाइसेंस लिया है। गृह विभाग से मिले आदेश के बाद जिले में पिस्टल, रिवॉल्वर, रायफल और शॉटगन जैसे हथियारों का थानेवार सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। इसका मकसद हर्ष फायरिंग पर रोक लगाना और चुनावी माहौल को निष्पक्ष रखना है।

तय समय सीमा में सत्यापन जरूरी

सभी थानेदारों को 4 सितंबर से 19 सितंबर 2025 के बीच हथियारों का मिलान कर रिपोर्ट देने का निर्देश मिला है। चौकीदारों की मदद से हथियार धारकों को नोटिस भी भेजा जाएगा ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से बच न पाए। सत्यापन के बाद रिपोर्ट सीधे जिला शस्त्र शाखा, पूर्वी चंपारण भेजनी होगी।

अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

इस अभियान को सख्ती से लागू कराने के लिए अलग-अलग अंचलाधिकारी और थानाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोतिहारी सदर, तुरकौलिया, पीपराकोठी, कोटवा, बंजरिया, सुगौली, रक्सौल, आदापुर, ढाका, घोड़ासहन, चिरैया, पकड़ीदयाल, मधुबन, तेतरिया, फेनहारा, पताही, चकिया, मेहसी, कल्याणपुर, केसरिया, संग्रामपुर और अरेराज सहित पूरे जिले के थाना क्षेत्रों को इस निर्देश के दायरे में रखा गया है।