
एक्टर सुशांत सिंह राजपूत आज भले ही जीवित नहीं हैं, मगर अपने काम के जरिए वो आज भी अपने फैंस के दिलों में जिंदा हैं। 14 जून, 2020 को सुशांत अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुशांत की मौत पर बड़ा बवाल मच गया। लेकिन आज भी उनकी मौत का रहस्य बना हुआ है।
सुशांत कई बॉलीवुड हस्तियों के करीबी थे। इन्हीं में से एक हैं मनोज वाजपेयी। मनोज वाजपेयी के साथ सुशांत के अच्छे रिश्ते थे। हाल ही में मनोज ने एक इंटरव्यू में राजपूत की मौत के मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
मनोज की फिल्म 'भैया जी' जल्द ही पर्दे पर आएगी। इस फिल्म के प्रमोशन के लिए वह जगह-जगह इंटरव्यू दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सिद्धार्थ कानन से बातचीत की। इस दौरान मनोज ने खुलासा किया कि सुशांत को ब्लाइंड आर्टिकल से काफी परेशानी होती थी। आत्महत्या से 10 दिन पहले सुशांत ने मनोज वाजपेयी से बातचीत की थी और अपना दर्द बयां किया था।
वाजपेयी ने कहा कि सुशांत ने इस ब्लाइंड आर्टिकल पर मनोज वाजपेयी से चर्चा की थी और उनसे पूछा था कि इन चीजों से कैसे निपटना है। इंटरव्यू में मनोज वाजपेयी ने कहा, 'सुशांत को उस ब्लाइंड आर्टिकल की वजह से काफी तकलीफ हो रही थी, जिसमें कोई तथ्य नहीं था। वह बहुत अच्छे इंसान थे और जो भी अच्छा व्यक्ति होगा उसे ऐसे लेखों से पीड़ा होगी। वह अक्सर मुझसे इसके बारे में पूछता था। तब मैं उसे यही सलाह देता कि वो इस सबके बारे में ज़्यादा न सोचे। मैंने उन्हें यह भी बताया कि मैं इन चीजों से कैसे निपटता हूं।'