img

यूपी किरण डेस्क। रूस की राजधानी मॉस्को में आतंकवादी हमला हुआ है। हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत और 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने के समाचार हैं। रूसी मीडिया के मुताबिक, मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने पीछे से आकर लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई और हॉल में धमाका भी किया। हमले के कुछ ही देर बाद स्पेशल कमांडों ने मोर्चा संभाला। मध्य - पूर्व में सक्रिय कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ़ इराक़ एन्ड सीरिया ( ISIS ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसियों के मुताबिक़ क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान तीन से चार बंदूकधारी एक साथ घुसे और लोगों पर फायरिंग शुरू की दी, जिसमें कम से कम 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। यह भी कहा जा रहा है कि आतंकी सुरसखा बालों की वर्दी में थे। रूस के आपातकालीन सेवा मंत्रालय के मुताबिक़ गोलीबारी के दौरान लगभग 100 लोग थिएटर के तहखाने में और शेष लोग छत पर जाकर छुप गए। रॉक बैंड के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

अपुष्ट ख़बरों के मुताबिक़ आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक भी बना लिया है। हालांकि अभी तक बंधकों की स्थिति को लेकर विश्वसनीय खबर नहीं आई है। आतंकी हमले के बाद मॉस्को के गवर्नर ने कहा कि आतंकियों से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है, जल्द ही उन्हें काबू में कर लिया जाएगा। ख़बरों के मुताबिक़ कुछ दिनों पहले मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी कर अमेरिकी नागरिकों से मॉस्को में सामूहिक समारोहों से बचने की सलाह दी थी।

आतंकी हमले के बाद मास्को में गम का माहौल है। मॉस्को के मेयर ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हमले के बाद मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। रूसी विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए इसे आतंकी हमला करार दिया है। रूसी समाचार एजेंसी तास ने बताया कि आतंकी हमले के बाद मॉस्को में हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

अंतर्राष्ट्रीय मामलों के जानकारों का कहना है कि मास्को में आतंकी हमले के लिए चाहे जो भी जिम्मेदार हो, रूस जल्द ही उसका पता लगा लेगा। हमले की जिम्मेदारी कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ़ इराक़ एन्ड सीरिया ( ISIS ) ने ली है। हालांकि उसके दावे पर अभी किसी को भरोसा नहीं हो रहा है। रुसी ख़ुफ़िया एजेंसियां यूक्रेन पर हमला कराने की आशंका जाहिर कर रही हैं। हालांकि यूक्रेन ने इससे इंकार किया है। फिलहाल इतना तय है कि रूस जल्द ही मास्को आतंकी हमले के कसूरवारों पर कहर बरसायेगा। 

--Advertisement--