img

Up Kiran,Digital Desk: इंग्लैंड के विरुद्ध 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने जो कारनामा किया, वह किसी भी क्रिकेट प्रेमी को चौंका सकता था। मात्र 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी के बाद वह एक सितारे के रूप में उभरकर सामने आए। इस ऐतिहासिक पारी ने न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींच लिया। वैभव के प्रदर्शन ने सवाल खड़े किए हैं कि जब एक खिलाड़ी इतनी कम उम्र में इतने बड़े रिकॉर्ड तोड़ रहा है, तो क्यों उसे सीनियर टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही? इसका जवाब सीधे तौर पर आईसीसी के नियमों में छिपा है।

आईसीसी के नियमों से आई बड़ी रुकावट

वैभव सूर्यवंशी की सीनियर टीम में एंट्री पर सबसे बड़ी रुकावट आईसीसी की मिनिमम एज पॉलिसी है। यह नियम 2020 में लागू किया गया था, जिसके अनुसार कोई भी खिलाड़ी 15 साल की उम्र से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं खेल सकता। अब चूंकि वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था और फरवरी 2026 में जब उन्होंने U19 वर्ल्ड कप जीता, उनकी उम्र केवल 14 साल थी, तो BCCI को चाहकर भी उन्हें सीनियर टीम में जगह देने की अनुमति नहीं है।

कब मिलेंगे सीनियर टीम में शामिल होने के अवसर?

वैभव को सीनियर टीम इंडिया में खेलने के लिए अब 27 मार्च 2026 तक इंतजार करना पड़ेगा। जब वह 15 साल के होंगे, तभी उन्हें सीनियर टीम में शामिल किया जा सकता है। इस बीच चाहे वह घरेलू क्रिकेट में शानदार शतक लगाए या IPL में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से विरोधियों के छक्के छुड़ा दे, उन्हें सीनियर टीम के दरवाजे तक पहुंचने के लिए उम्र का वह पड़ाव पार करना होगा।

U19 करियर भी खत्म

जहां एक ओर सीनियर टीम में खेलने के लिए वैभव को अभी लंबा इंतजार करना है, वहीं उनका U19 करियर भी खत्म हो चुका है। बीसीसीआई का वन-टूर्नामेंट रूल यह कहता है कि कोई खिलाड़ी दो U19 वर्ल्ड कप नहीं खेल सकता। 2026 में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता, तो अब उन्हें 2028 या 2030 के U19 वर्ल्ड कप का हिस्सा बनने का मौका नहीं मिलेगा, हालांकि उनकी उम्र उस समय भी 19 साल से कम होगी।

रिकॉर्ड्स की लंबी लिस्ट

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ सालों में क्रिकेट जगत में कई रिकॉर्ड्स को तोड़ा और नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनकी प्रमुख उपलब्धियाँ:

U19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर: 175 रन

2026 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के: 30

सबसे कम उम्र में लिस्ट-A शतक

विजय हजारे ट्रॉफी में 59 गेंदों में 150 रन, एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड टूड़ा

IPL इतिहास के सबसे युवा शतकवीर

इंडिया A के लिए T20 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी

यूथ ODI और यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे युवा शतक

यूथ ODI में 100 करियर छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज

इन उपलब्धियों ने उन्हें भविष्य का बड़ा स्टार बना दिया है, और फैंस अब उनकी सीनियर क्रिकेट में एंट्री का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।