img

Uttarakhand budget: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र अपने दूसरे दिन भी अहम फैसलों और राजनीतिक गहमागहमी का गवाह बना। सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज सवेरे कैबिनेट बैठक हुई। इसमें प्रदेश में सशक्त भू-कानून को मंजूरी दी गई। हर घर में स्मार्ट मीटर लगाने पर जोर दिया गया। तो वहीं स्मार्ट मीटर के खिलाफ विपक्ष ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

विपक्ष ने स्मार्ट मीटर को स्मार्ट चीटर बताया है। जहां एक ओर सरकार सशक्त भू-कानून लागू करने के फैसले को उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के प्रवेश द्वार के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की।

सदन के भीतर भी स्मार्ट मीटर को लेकर जोरदार बहस हुई। जहां सरकार ने इसे जनता के हित में एक आधुनिक और पारदर्शी प्रणाली बताया, वहीं विपक्ष ने इसे जनविरोधी बताते हुए निरस्त करने की मांग की।

आपको बता दें कि कैबिनेट मीटिंग के बाद CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए हमारी सरकार ने सख्त भू-कानून को मंजूरी दी है। ये कानून राज्य के संसाधनों, सांस्कृतिक धरोहर और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करेगा। साथ ही उत्तराखंड की मूल पहचान बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएगा।