
uttarakhand news: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में रोजगार के हालातों में सुधार और राज्य की अर्थव्यवस्था में वृद्धि के बारे में हाल ही में जारी आर्थिक सर्वे के मुताबिक, 2022 से 2024 के बीच श्रम बल भागीदारी में जबरदस्त इजाफा हुआ है। वर्ष 2022 में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का श्रम बल भागीदारी 48.7 प्रतिशत थी और ये 2024 में बढ़कर 58.1 प्रतिशत हो गई है। इस दौरान 9.31 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा हुए खासकर विनिर्माण क्षेत्र में। इससे पता चलता है कि राज्य अब रोजगार के क्षेत्र में भी नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
प्रमुख सचिव-नियोजन आर. मीनाक्षी सुंदरम ने मीडिया केंद्र में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के पहले अनंतिम अनुमानों के मुताबिक, प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 332.99 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 378.24 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जो 13.78 प्रतिशत के इजाफे को दर्शाता है।
ये आर्थिक सर्वे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा और इसके बाद इसे विस्तृत रूप से साझा किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने ये भी स्पष्ट किया कि ये आंकड़े अनंतिम हैं और भविष्य में इनमें संशोधन संभव है। इस अवसर पर निदेशक-अर्थ संख्या सुशील कुमार और उपनिदेशक दिनेश बडोनी भी उपस्थित थे।